Search

 
 
 

पलामूः शिवरात्रि मेले में विषाक्त गोलगप्पे खाने से 250 बच्चे बीमार

महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित मेले में द्वारिका, यादव टोला, जमुआटांड़ सहित आसपास के कई गांवों के लोग शामिल हुए थे. मेले में लगे स्टॉलों से बच्चों ने गोलगप्पे समेत अन्य खाद्य सामग्री खाई थी. रविवार देर रात से बच्चों में उल्टी, दस्त, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत शुरू हुई.
 

Medininagar : पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के द्वारिका गांव में आयोजित महाशिवरात्रि मेले में दूषित खाद्य पदार्थ का सेवन करने से 200 से 250 बच्चों के बीमार पड़ने की सूचना है. एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों की तबीयत बिगड़ने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन व एंबुलेंस सेवा की टीम मौके पर पहुंची और राहत व इलाज में जुट गई.

 

जानकारी के अनुसार रघुआखाड़ क्षेत्र में महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित मेले में द्वारिका, यादव टोला, जमुआटांड़ सहित आसपास के कई गांवों के लोग शामिल हुए थे. मेले में लगे स्टॉलों से बच्चों ने गोलगप्पे समेत अन्य खाद्य सामग्री खाई थी. रविवार देर रात से बच्चों में उल्टी, दस्त, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत शुरू हुई.

 

 सोमवार सुबह तक बीमार बच्चों की संख्या तेजी से बढ़ गई.स्थिति गंभीर होते देख ग्रामीणों ने पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सूचना दी. मेडिकल टीम एंबुलेंस के साथ गांव पहुंची और कई बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से प्रभावित बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्रभावित बच्चों की लगातार निगरानी की जा रही है.

 

जिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल श्रीवास्तव स्वयं पांकी पहुंचे और स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया. उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है.

 

घटना की सूचना पर प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद, विधायक प्रतिनिधि सह भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश मेहता, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी ललित प्रसाद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी अस्पताल पहुंचे और इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया.

 

इधर प्रशासन ने संबंधित खाद्य स्टॉल संचालकों की पहचान कर जांच शुरू कर दी है. खाद्य सुरक्षा विभाग नमूने जांच के लिए भेजने की तैयारी में है. लापरवाही सिद्ध होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही