- बाल कल्याण समिति को सौंपा गया बच्चा
Palamu News : जिले में बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है, श्रम विभाग ने सतबरवा थाना क्षेत्र स्थित सोनू होटल में छापेमारी कर एक बाल मजदूर को रेस्क्यू किया है. यह कार्रवाई पलामू लेबर सुपरिटेंडेंट द्वारा गठित टीम ने की है, जिसका नेतृत्व चैनपुर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी (LEO) राहुल कुमार ने किया.
इस कार्रवाई में पुलिस प्रशासन के साथ स्वयंसेवी संस्था अग्रगति (NGO) के सदस्य भी शामिल रहे. रेस्क्यू के बाद बच्चे को बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है, ताकि उसकी उचित देखभाल और काउंसलिंग की जा सके. साथ ही बाल मजदूरी करवाने के आरोप में होटल संचालक के विरुद्ध संबंधित कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

बच्चे का स्कूल में कराया जाएगा नामांकन
श्रम विभाग की ओर से बच्चे को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की तैयारी की जा रही है. इसके तहत उसका स्कूल में नामांकन कराया जाएगा. साथ ही बच्चे और उसके परिवार को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आर्थिक तंगी के कारण बच्चा दोबारा बाल मजदूरी करने को मजबूर न हो.
होटल और ढाबा संचालकों को चेतावनी
पलामू लेबर सुपरिटेंडेंट ने जिले के सभी होटल, ढाबा, ईंट-भट्ठा, गैरेज और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों से मजदूरी कराना उनके अधिकारों का हनन और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करना है.
लेबर सुपरिटेंडेंट ने कहा कि बच्चों से बाल श्रम कराना गंभीर कानूनी अपराध है. अगर कोई बच्चे से मजदूरी कराता पकड़ा गया चो उसके खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्होंने जिले में बाल श्रम के खिलाफ जांच और छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही.