Search

 
 
 

पलामूः दिशा की बैठक में योजनाओं की धीमी प्रगति पर सांसद वीडी राम नाराज

सांसद वीडी राम ने योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से सवाल-जवाब भी किया. उनसे काम में तेजी लाते हुए जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.
 

Medininagar : मेदिनीनगर स्थित समाहरणालय सभागार में गुरुवार को जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई. अध्यक्षता पलामू के सांसद वीडी राम ने की. बैठक में जिले में आम लोगों के लिए चलायी जा रही योजनाओं की समीक्षा की गयी. कुछ योजनाओं की धीमी प्रगति पर सांसद ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से सवाल-जवाब भी किया. उनसे काम में तेजी लाते हुए जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.


सांसद ने पिछली बैठक में लिए गये निर्णयों पर कितना अमल हुआ, इसकी बिंदुवार जानाकरी ली. बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सर्व शिक्षा अभियान,समेकित बाल विकास योजना, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना,बेटी बचावो बेटी पढ़ाओ, खाद्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण, किसान सम्मान निधि आदि योजनाओं की समीक्षा की गयी. जनप्रतिनिधियों ने कार्यों में आ रही कमियों से सांसद को अवगत कराया.

 
जरूरतमंदों को पीएम आवास देने का निर्देश

 
बैठक में सांसद ने पीएम आवास योजना के लक्ष्य की जानकारी लेते हुए सभी जरूरतमंदों (योग्य लाभुकों) को आवास देने का निर्देश संबंधित अधिकारी के दिया. कहा कि बगार वाजिब कारण के किसी भी लाभुक का किस्त नहीं रुके,यह सुनिश्चित होना चाहिए. कई विधायकों ने कहा कि कई योग्य लाभुक आवास योजना से वंचित हैं. डाल्टनगंज व हुसैनाबाद विधायक ने कहा कि कई निर्वाचित वार्ड सदस्य ऐसे हैं, जो आर्थिक रूप से बेहद कमज़ोर है. उन्हें इसलिए आवास योजना का लाभ नहीं मिला पा रहा है क्योंकि वो जनप्रतिनिधि हैं. उन्होंने इसका हल निकालने पर बल दिया.

 

पांकी में कागज पर हुए मनरेगा के कार्य

 

बैठक में मनरेगा के अधीन मानव दिवस सृजन की समीक्षा की गई. सांसद ने कहा कि मेदिनीनगर, पाटन व सतबरवा ब्लॉक को विशेष सुधार करने की आवश्यकता है. पांकी विधायक ने कहा कि कई पंचायतों में लक्ष्य के विरुद्ध कार्य पूर्ण हो गया है, जबकि धरातल पर ऐसा नहीं है. मनरेगा में कई कार्यों को पेपर पर ही पूर्ण कर दिये जाने का मामला उठाया. कई वर्षों से एक ही स्थान पर जमे रोजगार सेवकों के स्थानांतरण की भी मांग उठी.

 

ओवरलोड वाहनों से सड़कें हो रहीं खराब

 
पांकी विधायक ने खनिज लदे ओवरलोड वाहनों से सड़कें खराब होने का मामला उठाया. डालटनगंज, हुसैनाबाद व छत्तरपुर विधायक (मंत्री) ने भी इसका समर्थन किया. डालटनगंज विधायक ने चैनपुर-नेउरा रोड व हुसैनाबाद विधायक ने जपला-पथरा रोड की हालत बेहद खराब होने की बात कही. बैठक में निर्णय हुआ कि आगामी पर्व के मद्देनजर उक्त सड़कों की माइंस संचालकों से मरम्मत कराई जायेगी. सांसद ने डीटीओ को शेड्यूल बनाकर अलग-अलग माइंस क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया.

 

बारिश में गिरे घरों की रिपोर्ट देः वित्त मंत्री


वित्त मंत्री सह छत्तरपुर विधायक राधाकृष्ण किशोर ने अपर समाहर्ता को  इस साल भारी बारिश में गिरे घरों से संबंधित रिपोर्ट देने का निर्देश दिया. कहा कि यह रिपोर्ट संबंधित विधायकों को उनके विधानसभा क्षेत्र के अनुरूप उपलब्ध कराएं. इस पर सांसद ने वीडी राम ने प्रभावित लोगों को जल्द राहत राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. बैठक में पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता, डालटनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया, विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह, हुसैनाबाद विधायक संजय सिंह यादव, डीसी समीरा एस, एसपी रीष्मा रमेशन, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, डीडीसी जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता,सभी बीडीओ समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही