Medininagar : पलामू जिला जिला प्रशासन नगर निकाय चुनाव की तैयारियों में युद्ध स्तर पर जुटा है. डीसी समीरा एस व एसपी रीष्मा रमेशन ने गुरुवार को टाउन हॉल में सेक्टर पदाधिकारियों व सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. डीसी ने एक-एक कर सभी सेक्टर पदाधिकारियों से उनके क्षेत्र के बूथों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. कहा कि हर बूथ पर मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष व भयमुक्त मतदान के लिए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है. 23 फरवरी को मतदान के बाद सभी कर्मी निर्धारित क्लस्टर पर ही पहुंचेंगे और पूर्व निर्धारित रूट का पालन अनिवार्य होगा. उन्होंने मतदाताओं के बीच वोटर स्लिप का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. कहा कि पोलिंग में लगे कर्मचारी निजी वाहन का उपयोग नहीं करेंगे.
डीसी ने मतदान की पूर्व संध्या की जिम्मेदारियों, आवंटित केंद्रों के निरीक्षण, नियंत्रण कक्ष व संचार व्यवस्था की समीक्षा व क्रिटिकल बूथों पर विशेष निगरानी रखने को निर्देश दिया. सभी पदाधिकारियों को उनके दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी गई.
बूथ के 100 मीटर के दायरे में हथियार ले जाने पर पाबंदी
बैठक में एसपी रीष्मा रमेशन ने कहा कि मतदान स्थल के 100 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार के हथियार ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. उन्होंने पुलिस बल को निर्देश दिया कि कोई भी मतदाता मोबाइल फोन के साथ मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश न करे. उन्होंने मतदानकर्मियों से अपील की कि किसी भी गड़बड़ी की सूचना तत्काल संबंधित सेक्टर पुलिस पदाधिकारी को दें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment