- मेदिनीनगर में भाजपा की पदयात्रा, लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ के गूंजे नारे
Medininagar News : पलामू जिला भाजपा ने बुधवार को मेदिनीनगर 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकाली. पदयात्रा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा की प्रदेश प्रभारी निवेदिता सिंह, सांसद वीडी राम मुख्य रूप से शामिल हुए. अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता पाने की जल्दबाजी में देश की जनता को भ्रमित कर रही है. कुछ लोग जानबूझकर देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं और विकास बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें
अर्जुन मुंडा ने संसद में मॉक पार्लियामेंट के आयोजन पर भी सवाल उठाए. कहा कि संसद लोकतंत्र का मंदिर है, जहां जनता के प्रतिनिधि जनता की समस्याओं को उठाते हैं. संसद का मजाक बनाना लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने जैसा है.
उन्होंने कहा कि भाजपा की यह पदयात्रा देश में अराजकता फैलाने वालों को संदेश देने के लिए निकाली गई है. देश अराजकता से नहीं, बल्कि लोकतंत्र से चलेगा. उन्होंने विश्वास जताया कि जनता लोकतंत्र को कमजोर करने वालों को जवाब देगी.
इससे पूर्व पदयात्रा मेदिनीनगर के शिवाजी मैदान से शुरू होकर वकचहरी परिसर तक पहुंची. इसमें हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए. कार्यकर्ता लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ जैसे नारे लगाते चल रहे थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

