Search

Palamu News: ड्यूटी से लौट रहे डॉक्टर पर हमला, डॉक्टर संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी

Palamu: पलामू जिले के पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार पर हुए हमले को लेकर राज्यभर के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों में भारी आक्रोश है. विभिन्न चिकित्सा संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.


संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), झारखंड स्टेट हेल्थ सर्विस एसोसिएशन (JSHSA), झारखंड डॉक्टर्स नेटवर्क (JDN) और विभिन्न पारा-मेडिकल कर्मचारी संगठनों ने कहा कि 28 मई की रात ड्यूटी से लौट रहे डॉ. मिथिलेश कुमार को रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट कर लहूलुहान कर दिया गया. हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और वर्तमान में रांची में उनका इलाज चल रहा है.

 

चिकित्सा संगठनों ने कहा कि यह सिर्फ एक डॉक्टर पर हमला नहीं है, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाली घटना है. संगठनों ने मामले की उच्च-स्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है.

 

संगठनों ने सरकार और प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, कठोर कानूनी कार्रवाई तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. साथ ही संबंधित क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और सड़क लूट की घटनाओं पर भी तत्काल रोक लगाने की आवश्यकता बताई है.

 

चिकित्सा संगठनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द और संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो राज्यभर का चिकित्सा समुदाय पेन-डाउन आंदोलन सहित अन्य लोकतांत्रिक और वैधानिक कदम उठाने पर विचार करेगा.

 

विज्ञप्ति में कहा गया है कि पूरा चिकित्सा समुदाय डॉ. मिथिलेश कुमार के साथ खड़ा है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है. साथ ही दोषियों को सजा दिलाने और न्याय सुनिश्चित होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी दोहराया गया है. संयुक्त बयान में कहा गया कि न्याय में देरी, न्याय से वंचित करने के समान है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//