Palamu : जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र स्थित लोहरा गांव में बेटी की टांगी से हत्या करने का आरोपी पिता अगस्त महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
बताते चलें कि 25 मई की रात लोहरा गांव निवासी अगस्त महतो ने अपनी 20 वर्षीय बेटी अंजलि कुमारी की टांगी से हमला कर हत्या कर दी थी. घटना उस समय हुई थी, जब अंजलि अपने घर में सो रही थी. हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था.
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती का आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसके बाद पिता ने प्रेम प्रसंग के शक में अपनी बेटी की हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और मामला काफी चर्चा में रहा.
घटना के बाद पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी. इस बीच घटना के नौ दिन बाद लेस्लीगंज थाना पुलिस ने आरोपी पिता अगस्त महतो को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
बतातें चलें कि युवती का आपत्तिजनक फोटो वायरल करने के आरोप में पुलिस पहले ही एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ा रही है और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है.