- जमीन विवाद में धमकी मिलने की आशंका
Palamu News : जिले के मनातू प्रखंड के BDO सह CO मदन कुमार सुमन को गोली मारने की धमकी दी गई है. ममता यादव के नाम से सक्रिय एक सक्रिय आईडी पर अधिकारी को गोली मारने की बात लिखी गई है. आंशका जताई जा रही है कि जमीन विवाद को लेकर यह धमकी दी गई होगी.
BDO सह CO मदन कुमार सुमन ने बताया कि सोशल मीडिया पर धमकी भरा पोस्ट किया गया है. उन्होंने बताया कि एक जमीन से जुड़े मामले की न्यायिक सुनवाई चल रही है और गुरुवार को इस मामले में फिर सुनवाई होनी है.
आशंका है कि धमकी का संबंध इसी जमीन मामले से हो सकता है. इस मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. अधिकारी की ओर से मनातू थाना में लिखित शिकायत भी देने की बात कही गई है.
मनातू प्रखंड एवं अंचल कार्यालय मेदिनीनगर से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित है. यह जंगल और पहाड़ियों से घिरा है और बिहार के गया और चतरा जिले की सीमा के करीब स्थित है. यह इलाका लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहा है.
1995 में भी BDO की हुई थी हत्या
मनातू में सरकारी अधिकारियों को धमकी का यह पहला मामला नहीं है. वर्ष 1995 में तत्कालीन BDO भवनाथ झा को भी नक्सलियों ने धमकी दी थी. धमकी के अगले ही दिन उनकी हत्या कर दी गई थी.
इसके बाद वर्ष 2022-23 में भी मनातू के तत्कालीन BDO को TSPC संगठन ने धमकी दी थी. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था. वहीं एक बार फिर BDO को धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.