Medininagar News : पलामू जिला प्रशासन ने लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां तेज कर दी हैं. व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और एसपी कपिल कुमार चौधरी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी एसडीओ, बीडीओ, सीओ और नगर निकाय के पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की.
समीक्षा बैठक में डीसी और एसपी ने छठ घाटों पर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और बैरिकेडिंग की व्यवस्था समय रहते पूरी कर लें. नदी और तालाबों में जहां पानी की गहराई अधिक है, वहां डेप्थ मार्किंग कराएं. ताकि श्रद्धालु गहरे पानी में नहीं जाने पाएं.
दोनों अधिकारियों ने प्रमुख छठ घाटों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा संसाधन उपलब्ध रखने का निर्देश दिया. कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें. ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके.
समीक्षा बैठक के बाद डीसी और एसपी ने मेदिनीनगर शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सिंगरा स्थित अमानत नदी घाट, टाउन हॉल के समीप कोयल नदी घाट और पम्पूकल नदी तट पर पहुंचकर घाटों की स्थिति और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया. मौके पर नगर आयुक्त रंजीत लाल, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सदर एसडीओ संजय पांडेय, सदर सीओ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.