Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Palamu News: 28 जून से चलेगा पोलियो अभियान, 3.97 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

जिले में 28 जून से राष्ट्रीय पोलियो निर्मूलन कार्यक्रम (एनआईडी) का शुभारंभ होगा. अभियान की तैयारियों को लेकर जिला समन्वय समिति की बैठक हुई. जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, निगरानी व्यवस्था और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई.
Advertisement
Advertisement

Medininagar: जिले में 28 जून से राष्ट्रीय पोलियो निर्मूलन कार्यक्रम (एनआईडी) का शुभारंभ होगा. अभियान की तैयारियों को लेकर जिला समन्वय समिति की बैठक हुई. जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, निगरानी व्यवस्था और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई. 

 

अधिकारियों ने बताया कि तीन दिवसीय अभियान के दौरान जिले के 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है. बता दें, भारत को वर्ष 2014 में पोलियो मुक्त घोषित किया गया था और देश आज पोलियो वायरस के टाइप-1, टाइप-2 एवं टाइप-3 से मुक्त है. हालांकि पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अब भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं.

 

ऐसे में वायरस के दोबारा प्रवेश और प्रसार की आशंका को देखते हुए बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखना आवश्यक है. इसी उद्देश्य से समय-समय पर राष्ट्रीय पोलियो अभियान चलाया जाता है.

 

पहले दिन बूथों पर, फिर घर-घर पहुंचेगी टीम

अभियान के प्रथम चरण में 28 जून को जिले के स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य चिन्हित स्थलों पर बनाए गए पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जाएगी. इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को दवा देंगी जो पहले दिन किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाएंगे.


जानकारी के अनुसार बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, मेला क्षेत्र और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी विशेष टीमें तैनात की जाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए. प्रत्येक दिन सुबह टीमों तक वैक्सीन पहुंचाने के लिए अलग से कार्ययोजना बनाई गई है. अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को बूथों पर अवश्य लेकर आएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें.

 

1882 टीमें और 300 सुपरवाइजर रहेंगे तैनात

जिले में अभियान के सफल संचालन के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है. जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार ब्लॉक प्रोफाइल के अनुसार जिले के 3 लाख 71 हजार 568 घरों तक पहुंचकर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में कुल 1882 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें हाउस-टू-हाउस, ट्रांजिट, मेला-बाजार और मोबाइल टीमें शामिल हैं. 

 

अभियान में 3764 टीम सदस्य कार्य करेंगे, जबकि 300 सुपरवाइजर निगरानी की जिम्मेदारी संभालेंगे. प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार पांकी में सर्वाधिक 257 टीमें तैनात की जाएंगी, जिनमें 514 टीम सदस्य कार्य करेंगे. वहीं हुसैनाबाद में 227 टीमों का गठन किया गया है. छतरपुर में 202, लेस्लीगंज में 188, विश्रामपुर में 165 और चैनपुर में 158 टीमें कार्य करेंगी.


जिला व प्रखंड स्तर पर होगी सघन निगरानी

अभियान की निगरानी के लिए जिला और प्रखंड स्तर पर पर्यवेक्षक टीमों का गठन किया गया है. इसके अलावा विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की सर्विलांस टीम भी पूरे अभियान पर नजर रखेगी. बैठक में निर्देश दिया गया कि प्रत्येक टीम अपने निर्धारित क्षेत्र में शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंचे और किसी भी बच्चे के छूटने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए.


उप विकास आयुक्त ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों से सक्रिय सहयोग की अपील की. उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान का उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए, ताकि लोगों में जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित हों.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही