Medninagar : पलामू जिला प्रशासन ने रीमा सेवा सदन में गंभीर खामियां मिलने के बाद अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है. जानकारी के अनुसार, सदर एसडीओ संजय पांडेय और असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी की संयुक्त टीम ने अस्पताल में छापेमारी की.
जांच के दौरान अस्पताल में न तो कोई डॉक्टर मिला और न ही कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद था. अस्पताल में कई जरूरी दस्तावेज भी नहीं मिले. इनमें रेंट एग्रीमेंट, ओटी रजिस्टर, इंडोर रजिस्टर, डिस्चार्ज रजिस्टर और डॉक्टरों के सहमति पत्र शामिल हैं.
जांच टीम को बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण की भी कोई व्यवस्था नहीं मिली. अस्पताल में आग से बचाव के लिए जरूरी उपकरण भी नहीं थे. जांच के दौरान अस्पताल की साफ-सफाई भी नहीं मिली. ऑपरेशन थिएटर में भी एनेस्थीसिया और ओटी लैंप की जगह साधारण बल्ब लगाए गए थे. ओटी टेबल भी टूटी हुई और गंदी थी.
इसके अलावा अस्पताल में जरूरी इमरजेंसी मेडिकल उपकरणों की भी कमी पाई गई. परिसर में बिना लाइसेंस के दवा दुकान चलने की बात भी सामने आई. इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने रीमा सेवा सदन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें