Sukesh kumar Chaibasa : कोल्हान विश्वविद्यालय (केयू) में घंटी आधारित गेस्ट शिक्षकों के लिये दोबारा पैनल तैयार किया जायेगा. पुराने पैनल को खत्म कर दिया गया है. अब इसी पैनल से कॉलेजों को जरूरत के आधार पर शिक्षक दिये जाएंगे. अगले माह तक कई विषयों में शिक्षकों की बहाली होनी है. लगभग 50 से 60 शिक्षकों की बहाली अक्टूबर तक होने वाली है. जल्द ही अभ्यर्थियों से आवदेन मांगा जायेगा. पीएचडी व नैट पास अभ्यर्थी का यह पैनल होगा. यूजीसी के गाइडलाइन के आधार पर सहायक प्रोफेसर के लिये जितनी योग्यता होती है उतनी ही योग्यता घंटी आधारित गेस्ट शिक्षकों की भी होगी. विवि प्रशासन ने वैसे कॉलेजों में शिक्षकों की समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया है जहां पर सबसे अधिक कमी है. कई कॉलेजों में विषयवार शिक्षक नहीं हैं. जेएलएन कॉलेज में हिंदी विषय में एकमात्र शिक्षक हैं. टाटा कॉलेज चाईबासा, महिला कॉलेज चाईबासा, को-ऑपरेटिव कॉलेज जमशेदपुर, वर्कस कॉलेज जमशेदपुर समेत अन्य कई कॉलेजों में विषयवार शिक्षक नहीं हैं. जरूरत के हिसाब से उन कॉलेजों में भी गेस्ट शिक्षकों को भेजा जायेगा.
कोल्हान विवि के घंटी आधारित शिक्षकों का दोबारा बनेगा पैनल,अक्टूबर तक शिक्षकों की होगी नियुक्ति
Last Updated: Jun 08, 2024 12:00 AM (IST)