Search

पंकज यादव ने ACB को पत्र लिखकर पूछा, मोमेंटम झारखंड मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई!

Vinit Abha Upadhyay Ranchi :  मोमेंटम झारखंड मामले की शिकायत एसीबी में दर्ज कराने वाले सोशल एक्टिविस्ट पंकज यादव ने आरटीआई लगाकर एसीबी से पूछा है कि अब तक इस मामले में क्या कार्रवाई हुई है? पंकज यादव ने अपने आरटीआई में एसीबी से यह भी जानना चाहा है कि रघुवर दास, राजबाला वर्मा को नोटिस जारी हुआ है कि नहीं! साथ ही पंकज ने एसीबी से अब तक की गयी जांच की रिपोर्ट भी मांगी है, ताकि वे इस मामले को झारखंड हाई कोर्ट के संज्ञान में ला सके. पंकज यादव के इस आरटीआई पर एसीबी उन्हें क्या जानकारी उपलब्ध कराती है, ये तो देखने वाली बात है. पर चार वर्ष बाद मोमेंटम झारखंड का जिन्न फिर से झारखंड की राजनीति में देखने को मिलेगा यह तय है. दरअसल 9 जनवरी 2020 को सोशल एक्टिविस्ट पंकज कुमार यादव ने जनसभा नामक संस्था के बैनर तले मोमेंटम झारखंड के आयोजन में 100 करोड़ का भ्रष्टाचार का आरोप लागते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, राजबाला वर्मा, सुनील वर्णमाल, के रवि कुमार, अजय कुमार समेत अन्य लोगों पर जांच कर कार्रवाई की मांग की थी. पंकज का आरोप था कि तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपना चेहरा चमकाने के लिए मोमेंटम झारखंड नाम से एक इवेंट का आयोजन किया था. जिसमें झारखंड की जनता के 100 करोड़ रुपये विदेशों में रोड शो करने, फर्जी कंपनी से करोड़ों के एमओयू साइन करने और अपने चहेते को इवेंट का ठेके दिलाने में खर्च कर दिये. पंकज ने दावा किया था कि मोमेंटम झारखंड के आयोजन से ना तो कोई कंपनी झारखंड में इन्वेस्ट करने आयी और ना ही झारखंडी युवकों को रोजगार मिल पाया. पंकज यादव के इस आवेदन पर एसीबी ने पीई दर्ज कर जांच शुरू की थी. बाद में इस मामले को सीआईडी ने भी ले लिया था.  

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp