Search

पप्पू यादव को हाईकोर्ट से झटका, अर्जी पर जल्द सुनवाई से इनकार, पत्नी ने कहा- दो दिन में करें रिहाई, नहीं तो करूंगी अनशन

Patna : 32 साल पुराने मामले में जन अधिकार पार्टी अध्यक्ष और पूर्व सांसद पप्पू यादव उर्फ राजेश रंजन जेल में हैं. लेकिन इधर गुरुवार को पटना हाईकोर्ट से उन्हें फिर झटका लगा है. हाईकोर्ट ने गुरुवार को पप्पू यादव की अर्जी पर जल्दी सुनवाई करने के अनुरोध को नामंजूर कर दिया. मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय करोल की अध्यक्षता वाली खंडपीठ से मामले पर जल्दी सुनवाई करने की गुहार लगाई गई थी. इधर  पप्पू यादव को जेल भेजने के मामले में उनकी पत्नी व पूर्व सांसद रंजीत रंजन ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा नेता राजीव प्रताप रूडी और ड्रग्स माफिया के खिलाफ जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि अगर 2 दिनों में पप्पू यादव की रिहाई नहीं हुई, तो मैं मुख्यमंत्री जी आपको, आपके गुर्गे को, राजीव प्रताप रूडी और भाजपाई को सड़क पर खड़ा करूंगी. दो दिन में रिहाई नहीं हुई तो करूंगी अनशन.

पटना हाईकोर्ट कहा- जब टर्म आएगा तो होगी सुनवाई

पूर्व सांसद के वकील सीनियर एडवोकेट योगेश चंद्र वर्मा ने मामले पर आउट ऑफ टर्न सुनवाई करने का अनुरोध किया. उनके अनुरोध पर खंडपीठ ने कहा कि यह मामला अतिआवश्यक नहीं है कि इसे आउट ऑफ टर्न सुनवाई की जाए. अति आवश्यक सुनवाई के लिए हाईकोर्ट ने जो मापदंड तय किया है, उसमें यह केस नही आता है. कोर्ट ने कहा कि जब इस मामले का टर्म आएगा तब सुनवाई की जाएगी. ऐसे में पप्पू यादव की अर्जी पर तत्काल सुनवाई नहीं होगी.

पत्नी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पूछे सवाल

उधर पप्पू यादव की पत्नी व पूर्व सांसद रंजीत रंजन ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें उन्होंने सरकार और भाजपा पर हमला बोला. साथ ही कहा कि अगर दो दिन में पप्पू यादव की रिहाई नहीं हुई तो वे अनशन करेंगी. कांग्रेस नेता रंजीत रंजन ने कहा कि महामारी में राजनीति-राजनीति खेलने का वक्त नहीं है, इस वक्त हम सभी को एक दूसरे का सपोर्ट करना चाहिए. आज पप्पू यादव के साथ लोग इसलिए नहीं खड़े हैं कि चुनाव होने वाला है. लोग इसलिए खड़े हैं कि महामारी चल रही है. मैं पूछना चाहती हूं पप्पू यादव का कौन सा अपराध था, जिसमें जेल भेजा गया. 

पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पूछा कि आपको आखिर हो क्या गया है. इतने अपंग क्यों हो गए हैं. ऐसी कौन सी चीजें हैं जिसके दबाव में आप वो सबकुछ कर रहे हैं, जो बिहार को गंवारा नहीं. 89 के जिस कांड में पप्पू यादव पर केस हुआ. उस कांड के सूचक, आज तीनो लोगों का वीडियो चल रहा है कि केस फर्जी है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//