Search

 
 
 

पटना : जदयू नेता की गोली मारकर हत्या, राजद-जदयू एक दूसरे पर हमलावर

 
Patna :   पटना जिले के पुनपुन इलाके में बुधवार देर रात बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने जनता दल (यू) के नेता सौरव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी. इस गोलीबारी में मुनमुन कुमार नाम का एक व्यक्ति घायल हुआ है. घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति अभी स्थिर है. घटना के बाद आक्रोशितों ने शव के साथ इलाके में विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम की. जिसकी वजह से पुनपुन के पास एनएच पर कई घंटे यातायात बाधित रहा. बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया.

जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे आरोपी

घटना के संबंध में बताया जाता है कि सौरव और मुनमुन पुनपुन क्षेत्र के परसा बाजार से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे. बुधवार-गुरुवार की रात करीब 12 बजे बाइक सवार अपराधियों ने उनपर अंधाधुंध फायरिंग की. इस गोलीबारी में सौरव और मुनमुन गंभीर रूप से घायल हो गये. आनन-फानन में दोंनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां सौरव ने दम तोड़ दिया. वहीं मुनमुन की हालत स्थिर है. पटना एसएसपी राजीव मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है. पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं.  घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. सौरव के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है. कहा कि आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

पीड़ित परिवार से मिलकर मीसा भारती ने संवेदना प्रकट की 

इस बीच पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहीं राजद नेता मीसा भारती ने पीड़िता के घर का दौरा किया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए इस तरह की घटनाओं की निंदा की. कहा कि जब बिहार में सत्ता में रहने वाली पार्टी के नेता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो सामान्य जनता अपनी सुरक्षा के बारे में कैसे सोच सकती है. जब से बिहार में राजग सत्ता में आया है, राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमरा गयी है. जदयू के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति शोक संतप्त प्रकट की. राजद के बयान को लेकर कहा कि इस मामले का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जायेगा. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही