Search

Patym ने पेमेंट्स बैंक के साथ सारे समझौते खत्म किये, निर्भरता कम करने के लिए उठाया कदम

NewDelhi :  रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के एक्शन के बाद पेटीएम का संचालन करने वाली कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस के निदेशक मंडल ने बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने अपनी सहयोगी इकाई पेटीएम पेमेंट्स बैंक के साथ अंतर-कंपनी समझौतों को खत्म और शेयरधारक समझौतों में संशोधन करने को मंजूरी दे दी है. यानी अब पेटीएम पेमेंट्स बैंक, पेटीएम से अलग स्वतंत्र इकाई के तौर पर काम करेगी. दोनों कंपनियों के बीच निर्भरता को कम करने के लिए यह कदम उठाया है.

शेयरधारकों के समझौतों में संशोधन करने को दी मंजूरी 

पेटीएम और पीपीबीएल ने भी पारस्परिक रूप से पेटीएम और उसके समूह संस्थाओं के साथ विभिन्न अंतर-कंपनी समझौतों को खत्म करने पर सहमति जतायी है. इसके अलावा पीपीबीएल के शेयरधारकों ने पीपीबीएल के बेहतर संचालन के लिए शेयरधारक समझौते (एसएचए) को सरल बनाने पर भी सहमति जतायी है. पेटीएम ने पहले घोषणा की थी कि वह अन्य बैंकों के साथ नयी साझेदारी पर हस्ताक्षर करेगी और अपने ग्राहकों व कारोबारियों को निर्बाध सेवाएं देने के लिए कदम उठायेगी. साथ ही पेटीएम ने यह भी कहा था कि पेटीएम ऐप, पेटीएम क्यूआर, पेटीएम साउंडबॉक्स और पेटीएम कार्ड मशीनें निर्बाध रूप से काम करती रहेंगी.

नियमों का अनुपालन नहीं करने पर आरबीआई ने पीपीबीएल पर की सख्ती

दरअसल पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (पीपीबीएल) नियमों का अनुपालन नहीं करने को लेकर आरबीआई की सख्ती का सामना कर रही है. आरबीआई ने पीपीबीएल को 29 फरवरी के बाद ग्राहक खातों, वॉलेट, फास्टैग और अन्य साधनों में नयी जमा या टॉप-अप स्वीकार करने से रोक दिया था. हालांकि बाद में इसकी समय सीमा को बढ़ाकर 15 मार्च तक कर दिया गया था. मुश्किलों में फंसने के बाद पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा ने पीपीबीएल के अंशकालिक गैर-कार्यकारी चेयरमैन का पद छोड़ दिया. साथ ही निदेशक मंडल का भी पुनर्गठन किया गया है. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp