Ranchi : झारखंड में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे नक्सलियों को पुनर्वास नीति के तहत मिलने वाले लाभ और सुविधाओं को लेकर पुलिस मुख्यालय ने कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस मुख्यालय की विशेष शाखा ने राज्य के सभी संबंधित पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर आत्मसमर्पित नक्सलियों के लंबित देय लाभ और उनकी व्यक्तिगत समस्याओं की अद्यतन स्थिति मांगी है.
पत्र में कहा गया है कि आत्मसमर्पित नक्सलियों को मिलने वाले देय लाभ-सुविधाओं और उनकी व्यक्तिगत समस्याओं के निराकरण को लेकर समीक्षा बैठक प्रस्तावित है. बैठक से पहले सभी जिलों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
गृह विभाग के पूर्व में जारी संकल्पों के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों को मिलने वाले लाभ और सुविधाओं से संबंधित कार्रवाई जिला स्तर से की जानी है. इसी के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों से पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों के लंबित देय लाभ-सुविधाओं की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में मांगी है.
साथ ही अब तक उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति भी भेजने को कहा गया है. इसके अलावा आत्मसमर्पित नक्सलियों के आधार कार्ड, बैंक खाता और वोटर कार्ड की प्रतियां भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. सभी जिलों से कहा गया है कि संबंधित सूची और दस्तावेजों का मिलान कर पूरी जानकारी जल्द पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराएं.