Lagatar Desk : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने राहुल गांधी पर राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान गलत बातें रखने का आरोप लगाया. इतना ही नहीं दिल्ली के जंतर-मंतर पर हो रहे प्रदर्शन और वोट चोरी के आरोपों को लेकर विपक्ष पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया है.
जंतर-मंतर के प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर निशाना
संबित पात्रा ने कहा कि टीवी और सोशल मीडिया पर जंतर-मंतर को जो दिखाया जा रहा है, वह भारत की कहानी नहीं है. उनके मुताबिक, देश में शांति है और सरकार सुशासन के साथ आगे बढ़ रही है. लेकिन दिल्ली में कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के जरिए राजधानी को ठप करने, सड़कों पर हिंसा और आगजनी जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश की गई. पात्रा ने दावा किया कि ऐसे प्रयास सफल नहीं हुए और लोकतंत्र की जीत हुई है. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के नाम पर अराजकता फैलाने वालों की योजना नाकाम हो गई है.
राहुल गांधी पर राष्ट्रपति को राजनीति में घसीटने का आरोप
बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि राष्ट्रपति जैसे संवैधानिक पद को राजनीतिक विवाद और सड़क पर होने वाली लड़ाई का हिस्सा नहीं बनाना चाहिए. उन्होंने राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताई और उन्हें गैर-जिम्मेदार नेता बताया.
दरअसल कल राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट साझा किया था. अपने पोस्ट में उन्होंने दावा किया था कि राष्ट्रपति ने वोट चोरी की बात से इनकार नहीं किया, बल्कि उन्होंने वोट चोरी के सबूत लाने को कहा.
पात्रा ने वोट चोरी के आरोपों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस के पास चुनाव में गड़बड़ी के ठोस सबूत हैं, तो उसे अदालत का रुख करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि सबूतों के साथ उचित मंच पर जाने के बजाय विपक्ष इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक माहौल बनाने में जुटा है. उन्होंने कांग्रेस पर फर्जी खबरों के जरिए लोगों को गुमराह करने और देश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया.