Search

आरोप लगाने वाले एक ही परिवार और अखाड़े के खिलाड़ी, षडयंत्र में कांग्रेस का हाथ : बृजभूषण

New Delhi : कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अपने खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद शनिवार को पहली बार अपना मुंह खोला है. कहा कि मैं पूरी तरह निर्दोष हूं. कई महीनों से मुझ पर झूठे आरोप लगाये जा रहे हैं. जितने भी खिलाड़ी प्रदर्शन कर रहे हैं, वे एक ही परिवार और एक ही अखाड़े से संबंधित हैं. कैंप में दूसरे राज्यों के बच्चे भी रहते हैं. किसी भी बच्चे के साथ ऐसी घटना क्यों नहीं घटी. ऐसा केवल इनके ही साथ क्यों हुआ? साजिश के पीछे कांग्रेस और कुछ उद्योगपति का हाथ है. एफआईआर की कॉपी मिलते ही मैं जवाब दूंगा.

अपराधी बनकर इस्तीफा नहीं दूंगा

खुद पर लगाए गए पहलवानों के आरोपों पर उन्होंने कहा कि जो आरोप लगाए गये हैं, वो सारे बेबुनियाद है. उन्होंने कहा, मुझे जनता की वजह से पद मिला है. ये खिलाड़ियों का धरना नहीं है. मैं तो बहाना हूं, निशाना कोई और है. कहा कि सुप्रीम कोर्ट से ऊपर कोई नहीं है. इस्तीफा देना कोई बड़ी बात नहीं है, लेकिन मैं अपराधी नहीं हूं. अगर मैं इस्तीफा देता हूं तो इसका मतलब होगा कि मैंने उनके (पहलवानों) आरोपों को स्वीकार कर लिया है. मेरा कार्यकाल लगभग समाप्त हो गया है. सरकार ने 3 सदस्यीय समिति बनाई है और चुनाव 45 दिनों में होंगे और चुनाव के बाद मेरा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा.

आरोपों पर बृजभूषण शरण सिंह ने उठाया सवाल

इसके साथ ही कुश्ती महासंघ अध्यक्ष ने आरोपों को गलत बताते हुए खिलाड़ियों पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि 2012 से 2023 तक इनके साथ गलत होता रहा, लेकिन इसकी शिकायत न तो खेल मंत्रालय से की, न पुलिस स्टेशन में की, न भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन (आईओए) में की. अचानक जनवरी महीने में खिलाड़ी सीधे शिकायत लेकर जंतर-मंतर पहुंचे. बीजेपी सांसद ने कहा कि अगर ये आज की बजाय जनवरी में ही थाने गए होते, तो उसी समय इनकी एफआईआर हो गई होती.

अब मामला सुप्रीम कोर्ट के संज्ञान में है

उन्होंने कहा कि अब मामला सुप्रीम कोर्ट के संज्ञान में है. हम न्यायपालिका का पूरा सम्मान करते हैं. दिल्ली पुलिस की विवेचना पर हमारा कोई सवाल नहीं है. पहले भी जब ओवरसाइट कमेटी बनी थी, तब भी हमने कोई सवाल नहीं किया था. आईओए की कमेटी बनी तो भी हमारा कोई सवाल नहीं था और आज भी मेरे कोई सवाल नहीं हैं.
इसे भी पढ़ें – बृजभूषण">https://lagatar.in/priyanka-gets-emotional-meeting-wrestlers-after-fir-against-brijbhushan/">बृजभूषण

पर एफआईआर के बाद पहलवानों से मिल भावुक हुईं प्रियंका
[wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp