Search

 
 
 

पीएम मोदी ने भारत की पहली अंडरवॉटर मेट्रो ट्रेन सहित 6 को दिखायी हरी झंडी

 
Kolakata : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कोलकाता में 15, 400 करोड़ की कई मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन किया. पीएम ने एस्प्लेनेड मेट्रो-कोलकाता से भारत की पहली अंडरवॉटर मेट्रो रेल, कवि सुभाष मेट्रो, माझेरहाट मेट्रो, कोच्चि मेट्रो, आगरा मेट्रो, मेरठ-आरआरटीएस सेक्शन और पुणे मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उद्घाटन कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने स्कूल के छात्रों के साथ एस्प्लेनेड से हावड़ा मैदान तक मेट्रो की यात्रा की. उन्होंने छात्रों के साथ संवाद भी किया. साथ ही पीएम मोदी ने मेट्रो के कर्मचारियों से भी बातचीत की.

एस्प्लेनेड मेट्रो स्टेशन पर पीएम को देखने के लिए उमड़ी भीड़

प्रधानमंत्री के साथ  कोलकाता के भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे. इससे पहले पीएम मोदी जब कोलकाता के एस्प्लेनेड मेट्रो स्टेशन पर पहुंचे तो उनका जोरदार स्वागत किया गया. स्टेशन पर पीएम को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी. इस दौरान प्रधानमंत्री ने उनका अभिवादन किया.

इन परियोजनाओं से सड़क यातायात को सुगम करने व सुविधाजनक संपर्क प्रदान करने में मिलेगी मदद

कोलकाता मेट्रो के ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर में 4,965 करोड़ की लागत से निर्मित हावड़ा मैदान-एस्प्लेनेड खंड का मोदी ने उद्घाटन किया, जो ‘किसी भी बड़ी नदी के नीचे देश की पहली परिवहन सुरंग’ है. इस खंड में बना हावड़ा मेट्रो स्टेशन, देश का सबसे गहराई में स्थित स्टेशन भी होगा. सुरंग का नदी के भीतर का हिस्सा 520 मीटर लंबा है और ट्रेन को इसे पार करने में लगभग 45 सेकंड का वक्त लगेगा. प्रधानमंत्री ने देश के सबसे पुराने मेट्रो नेटवर्क कोलकाता मेट्रो के न्यू गरिया-एयरपोर्ट लाइन के कवि सुभाष-हेमंत मुखोपाध्याय खंड और जोका-एस्प्लेनेड लाइन के तारातला-माजेरहाट खंड का भी उद्घाटन किया. माजेरहाट मेट्रो स्टेशन रेलवे लाइन, प्लेटफार्म और एक नहर के ऊपर बना अलग तरह का स्टेशन है. प्रधानमंत्री ने दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के दुहाई-मोदीनगर (उत्तर) खंड, पुणे मेट्रो के रूबी हॉल क्लिनिक-रामवाड़ी खंड, कोच्चि मेट्रो के एसएन जंक्शन से त्रिपुनिथुरा खंड और आगरा मेट्रो के ताज ईस्ट गेट-मनकामेश्वर खंड का भी उद्घाटन किया. प्रधानमंत्री ने पिंपरी चिंचवड़ और निगड़ी के बीच पुणे मेट्रो के विस्तार की आधारशिला भी रखी. इन परियोजनाओं से सड़क यातायात को सुगम करने तथा सुविधाजनक संपर्क प्रदान करने में मदद मिलेगी. आगरा मेट्रो के जिस खंड का उद्घाटन किया गया है उससे ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों तक संपर्क बढ़ेगा. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही