Search

 
 
 

पीएम मोदी का आज बिहार दौरा, भागलपुर से पीएम किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त करेंगे जारी

 

Bihar :  दिल्ली में जोरदार जीत के बाद अब बीजेपी की पूरी नजर बिहार विधानसभा चुनाव पर टिकी हुई है. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार दौरे पर आ रहे हैं. यहां भागलपुर हवाई अड्डे के मैदान से पीएम किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी करेंगे. योजना के तहत देश भर   के  9 करोड़ 80 लाख किसानों के खातों में 22 हजार करोड़ रुपये की  राशि ट्रांसफर की जाएगी, जिनमें बिहार के 76 लाख किसान भी शामिल हैं.

दिल्ली से देवघर, फिर भागलपुर जायेंगे पीएम 

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी आज नई दिल्ली से सीधे देवघर पहुंचेंगे, जहां उनका विशेष विमान लैंड करेगा. उसके बाद वे भागलपुर के लिए रवाना होंगे. पीएम मोदी करीब दोपहर 12:00 बजे भागलपुर पहुंचेंगे और वहां से किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी करेंगे. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ-साथ कई मंत्री और सांसद-विधायक भी शामिल होंगे.

ट्रैफिक रूट में बदलाव

पीएम मोदी के दौरे के कारण भागलपुर में ट्रैफिक रूट में काफी बदलाव किए गए हैं. सभास्थल तक पहुंचने के लिए कम से कम एक किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी. तिलकामांझी चौक से हवाई अड्डा तक नो ट्रैफिक जोन रहेगा, और बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. नवगछिया से आने वाले वाहनों के लिए विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है, और आम लोग हाउसिंग बोर्ड परिसर और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के पास अपनी गाड़ियां पार्क कर सकेंगे.

बजट में बिहार के लिए किए गए प्रयासों को बताएंगे : सिद्धार्थ शंभू 

बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता सिद्धार्थ शंभू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने बिहार की चिंता की है और बजट में राज्य का विशेष ध्यान रखा गया है. भागलपुर से पीएम मोदी किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे. साथ ही वह इस दौरान बजट में बिहार के लिए किए गए प्रयासों को भी बताएंगे और कुछ नई घोषणाएं भी कर सकते हैं.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही