Search

पीएम मोदी की आज दरभंगा में चुनावी सभा, कानपुर में भी करेंगे रोड शो

Patna :   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक दिवसीय दौरे पर बिहार आ रहे हैं. यहां दरभंगा के राज मैदान में दोपहर 3.30 बजे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. इस दौरान पीएम तीसरे और चौथे चरण के लिए प्रचार करते नजर आयेंगे. साथ ही झंझारपुर लोकसभा सीट को भी साधने की कोशिश करते दिखेंगे. पीएम के दौरे को लेकर दरभंगा एयरपोर्ट से लेकर राज मैदान तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. जगह-जगह पर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती भी की गयी है. तीसरे चरण में अररिया में बीजेपी प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. जबकि खगड़िया में एलजेपीआर और सुपौल, मधेपुरा और झंझारपुर में जेडीयू उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं दरभंगा में चौथे चरण में चुनाव है. दरभंगा से बीजेपी नेता और वर्तमान सांसद गोपाल जी ठाकुर चुनावी मैदान में हैं. गोपाल जी ठाकुर का मुकाबला आरजेडी प्रत्याशी ललित यादव से होगा. बता दें कि एक महीने के अंदर पीएम मोदी का यह पांचवां बिहार दौरा है. इससे पहले दो चरणों के चुनाव के दौरान भी पीएम मोदी बिहार के जमुई, नवादा, गया, पूर्णिया, मुंगेर और अररिया में चुनाव प्रचार किया था.

एक दिन में पीएम मोदी तीन राज्यों में करेंगे चुनावी सभा

बता दें कि पीएम मोदी का आज झारखंड, बिहार और यूपी तीन राज्यों में चुनावी रैली है. पीएम मोदी सुबह 9:30 बजे राजभवन से रांची एयरपोर्ट जायेंगे. यहां से 9:50 बजे पलामू के लिए रवाना होंगे. यहां 11 बजे पीएम चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद चियांकी एयरपोर्ट से वो लोहरदगा जायेंगे और दोपहर 12.45 बजे लोहरदगा चुनावी रैली को संबोधित करेंगे. इसके बाद लोहरदगा से रांची आयेंगे और फिर रांची से दरभंगा के लिए रवाना होंगे. दरभंगा एयरपोर्ट पर दोपहर 3.30 बजे सभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद शाम 6.15 बजे कानपुर में रोड शो करेंगे.

बिहार में 7 मई को तीसरे और 13 मई को चौथे चरण की वोटिंग

लोकसभा चुनाव 2024 में बिहार की 40 सीटों पर कुल 7 चरणों में चुनाव हो रहा है. पहले चरण में बिहार की 4 सीटों (औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई) पर 19 अप्रैल को मतदान हुआ. वहीं दूसरे चरण में बिहार की 5 सीटों (किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका) पर 26 अप्रैल को वोट डाले गये. वहीं तीसरे चरण में बिहार की 5 सीटों (झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और खगड़िया) समेत कुल 12 राज्यों की 94 सीटों पर 7 मई को मतदान होगा. चौथे चरण में बिहार की 5 सीटों (दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर), झारखंड समेत कुल 10 राज्यों की 96 सीटों पर 13 मई को वोट डाले जायेंगे. पांचवें चरण में बिहार की 5 सीटों (सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर) पर 20 मई को, छठे चरण में बिहार की 8 सीटों (वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज) पर 25 मई को और सातवें चरण में बिहार की 8 सीटों (नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद) पर 1 जून को मतदान होगा. वहीं चुनावी नतीजे 4 जून को आयेंगे.
[wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp