Search

पलामू में बोले पीएम मोदी, मजबूत भारत अब मजबूत सरकार चाहता है, वोट की ताकत बतायी

Palamu :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज झारखंड के पलामू दौरे पर हैं. यहां चियांकी में पीएम मोदी चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पाकिस्तान पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी और भारत में आतंकी हमले होते थे, तबकी डरपोक सरकार दुनिया भर में जा-जाकर रोती थी. लेकिन अब समय बदल गया है. आज स्थिति ये है कि पाकिस्तान दुनिया में जा-जाकर रो रहा है, `बचाओ-बचाओ` चिल्ला रहा है. आज पाकिस्तान के नेता कांग्रेस के इस शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए दुआ कर रहे हैं. लेकिन मजबूत भारत तो अब मजबूत सरकार ही चाहता है.

आपके एक वोट की ताकत, आज पूरी दुनिया में बज रहा भारत का डंका

पीएम मोदी ने जनसभा में उपस्थित लोगों को वोट के महत्व भी समझाये. उन्होंने कहा कि आप सभी अपने एक वोट के महत्व को बहुत अच्छी तरह जानते हैं. 2014 में आपके एक वोट ने ऐसा काम किया कि पूरी दुनिया भारत के लोकतंत्र की ताकत को सलाम करने लगी थी. आपने 2014 में अपने एक वोट से कांग्रेस की महाभ्रष्ट सरकार को हटाया था. आपके एक वोट ने भाजपा-एनडीए की सरकार बनायी. आपके इस एक वोट की ताकत का परिणाम यह हुआ कि आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है.

आपके एक वोट से 500 सालों का संघर्ष समाप्त हुआ

पीएम मोदी ने आगे कहा कि 500 सालों में हमारी कितनी पीढ़ियां संघर्ष और इंतजार करती रहीं. लाखों लोग शहीद हो गये. 500 सालों तक लंबा अविरत संघर्ष चला. शायद दुनिया में इतना लंबा अविरत संघर्ष कहीं नहीं हुआ होगा, जो अयोध्या में हुआ. आपके वोट की ताकत देखिये. 500 साल में अनेक पीढ़ियां बीत गयीं, लेकिन वो काम नहीं हो पाया जो आपके एक वोट से हो गया, आज राम मंदिर बन गया.

लोटा भर पानी पीकर जिसने मां को भूख मिटाते नहीं देखा, वो आंसुओं का मर्म नहीं समझेगा 

प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरे जीवन को आप भली-भांति जानते हैं. मैं गरीबी का जीवन जीकर आया हूं.  गरीबी की जिंदगी कितनी तकलीफदेह होती है, उससे मैं गुजरते-गुजरते यहां तक पहुंचा हूं. मैंने गरीबी को जीया है, इसलिए 10 वर्षों में गरीब कल्याण की हर योजना की प्रेरणाओं ने मेरे अपने जीवन के अनुभव से जन्म लिया है. ये आंसू वही समझ सकता है, जिसने गरीबी देखी हो. राहुल गांधी पर तीखा वार करते हुए पीएम ने कहा कि जिसने अपने मां को धुंए में खासते नहीं देखा, पेट बांधकर मां को सोते नहीं देखा, लोटा भर पानी पीकर मां को भूख मिटाते नहीं देखा, बीमारी को छिपाते नहीं देखा, शौचालय के अभाव में पीड़ा और अपमान सहते नहीं देखा, उसे इन आंसुओं का मर्म नहीं समझ आयेगा. पीएम ने आगे कहा कि कांग्रेस के शहजादे मोदी के आंसुओं में अपनी खुशी ढूंढ रहे हैं. कहते हैं कि मोदी के आंसू अच्छे लगते हैं. वो तो गर्व से कहते हैं कि उनके घर में कई प्रधानमंत्री थे. वे चांदी के चम्मच से खाते रहे. गरीब की, दलित और आदिवासी झोपड़ी में फोटो खिंचवाते रहे, लेकिन गरीब के लिए कुछ नहीं किया.

आपकी पूंजी को छीनकर वोट बैंक को देना चाहते हैं कांग्रेसी

प्रधानमंत्री ने पलामू वासियों से कहा कि बधाई देने के साथ-साथ मैं आपको सतर्क करने भी आया हूं. मोदी यहां रोजगार बढ़ाना चाहता है, मोदी आपके जीवन में खुशहाली लाना चाहता है. लेकिन कांग्रेस वालों की नजर आपकी जमीन-जायदाद पर पड़ गयी है. कांग्रेस हो या जेएमएम, उनको कुछ और नजर नहीं आता है. पीएम ने कांग्रेस के घोषणापत्र को लेकर कहा कि कांग्रेस की बेईमानी तो देखिये, वे कह रहे हैं कि आपका एक्स-रे करेंगे. कितनी जमीन है, घर कहां है, कितने कमरे हैं, घर में सोना, चांदी, मंगलसूत्र है या नहीं, इसकी जांच करवायेंगे. इसके बाद उसमें से कुछ हिस्सा वो आपसे छीन लेंगे. इन छीने हुए पैसों को वो वोट बैंक को देना चाहते हैं. सवालिया लहजे में पीएम ने कहा कि क्या आप आपकी पूंजी छीनने देंगे? [wpse_comments_template]  

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp