Search

पीएम मोदी का विशाखापत्तनम में रोड शो, 1.85 लाख करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन किया

Hyderabad : आंध्र प्रदेश का विकास हमारा विजन है. यहां के लोगों की सेवा करना हमारी प्रतिबद्धता है. यह बात प्रधानमंत्री मोदी ने आज बुधवार को विशाखापत्तनम में आयोजित एक जनसभा में कही. सभा में आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू और डिप्टी सीएम पवन कल्याण भी मौजूद थे. इससे पहले पीएम मोदी ने रोड शो किया. लोग मोदी-मोदी के नारे लगा रहे थे. रोड शो के बाद हुई जनसभा में 1.85 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं का वर्चुअली शिलान्यास और उद्घाटन किया. इस क्रम में उन्होंने पुडीमडका में बन रहे ग्रीन हाइड्रोजन हब प्रोजेक्ट की नींव भी रखी. बता दें कि 2024 में लगातार तीसरी बार पीएम बनने के बाद मोदी का यह राज्य का पहला दौरा है.

2047 तक 2.5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने का  लक्ष्य

2047 तक 2.5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को लेकर पीएम मोदी ने कहा, आंध्र प्रदेश ने 2047 तक राज्य को करीब 2.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है. इस विजन को साकार करने के लिए चंद्रबाबू नायडू की सरकार ने स्वर्ण आंध्र @ 2047 की पहल की है. कहा कि इसमें केंद्र सरकार भी राज्य के हर लक्ष्य के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है. राज्य में विकास परियोजनाओं के तहत 300 एकड़ में 25 इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का निर्माण किया जाना है. पीएम ने सड़कें, इंडस्ट्रियल सेंटर, पोर्ट और केमिकल स्टोरेज जैसे प्रोजेक्ट्स की आधारशिला रखी.  

आंध्र प्रदेश में 7 वंदे भारत ट्रेनें और अमृत भारत ट्रेनें चलाई जा रही हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,  रेलवे के क्षेत्र में आंध्र प्रदेश उन राज्यों में से एक है, जहां 100% विद्युतीकरण पूरा हो चुका है. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आंध्र प्रदेश में 70 से अधिक रेलवे स्टेशनों का विकास किया जा रहा है. आंध्र प्रदेश के लोगों की सुविधा और यात्रा के लिए, 7 वंदे भारत ट्रेनें और अमृत भारत ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं. आंध्र प्रदेश में बुनियादी ढांचे की क्रांति, बेहतर कनेक्टिविटी और बेहतर सुविधाएं राज्य के पूरे परिदृश्य को बदल देंगी. इससे जीवन यापन में आसानी होगी और व्यापार करने में आसानी होगी. यह विकास आंध्र के 2.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के दृष्टिकोण का आधार बनेगा. कहा कि विशाखापत्तनम और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र सदियों से भारत के व्यापार के प्रवेश द्वार रहे हैं. हम मिशन मोड पर ब्लू इकोनॉमी के माध्यम से समुद्र से जुड़े अवसरों के संपूर्ण उपयोग को बढ़ावा दे रहे हैं.

ग्रीन हाइड्रोजन हब प्रोजेक्ट 1200 एकड़ में बनेगा

परियोजनाओं के तहत ग्रीन हाइड्रोजन हब प्रोजेक्ट 1200 एकड़ में बनेगा. ग्रीन हाइड्रोजन हब प्रोजेक्ट को गंगावरम पोर्ट के पास लगभग 1200 एकड़ जमीन पर बनाया जायेगा. इसकी लागत 1.85 लाख करोड़ रुपए है यहां रोज 1500 टन ग्रीन हाइड्रोजन का उत्पादन होगा. इसके अलावा ग्रीन अमोनिया, ग्रीन मेथनॉल और यूरिया समेत ग्रीन केमिकल्स का उत्पादन किये जाने की घोषणा की गयी है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//