Search

 
 
 

पीएम की बंगाल वासियों को 15000 करोड़ की सौगात, बोले- तमाम संभावनाओं के बावजूद राज्य पीछे छूटता गया

 
10 सालों में हमने इस खाई को पाटने का किया काम West Bangal : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल वासियों को सौगात दी है. पीएम ने आज शनिवार को पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कृष्णानगर में 15,000 करोड़ की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इनमें पुरुलिया जिले में स्थित दामोदर घाटी निगम के रघुनाथपुर थर्मल पावर स्टेशन के द्वितीय चरण (2x660 मेगावाट), मेजिया थर्मल पावर स्टेशन में 650 करोड़ रुपये की लागत से विकसित फ्लू गैस डिसल्फराइजेशन (एफजीडी) प्रणाली और शामिल है. इसके अलावा मोदी ने 1,986 करोड़ रुपये की लागत से बने राष्ट्रीय राजमार्ग-12 के 100 किलोमीटर लंबे फरक्का-रायगंज खंड के चार लेन मार्ग का भी उद्घाटन किया.

TMC के लिए  बंगाल का विकास नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार-परिवारवाद प्राथमिकता है

विकास परियोजनाओं के शिलान्यास के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृष्णानगर में रोड शो किया. रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने टीएमसी पर जमकर निशाना साधा. पीएम ने कहा कि यहां जिस तरह TMC की राज्य सरकार चल रही है, उसने बंगाल को निराश कर दिया है. पश्चिम बंगाल की जनता ने बहुत उम्मीदों के साथ TMC को बार-बार इतना बड़ा जनादेश दिया. लेकिन TMC अत्याचार और विश्वासघात का दूसरा नाम बन गयी है. TMC के लिए बंगाल का विकास नहीं बल्कि भ्रष्टाचार और परिवारवाद ही प्राथमिकता है.

मां, माटी और मानुष सभी TMC के कुशासन में रो रहे हैं

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मां, माटी और मानुष सभी TMC के कुशासन में रो रहे हैं. संदेशखाली की बहनें इंसाफ की गुहार लगाती रहीं. लेकिन TMC सरकार ने उनकी एक नहीं सुनी. राज्य सरकार तो चाहती ही नहीं थी कि संदेशखाली का गुनहगार कभी गिरफ्तार हो. लेकिन जब ये बंगाल की नारी शक्ति दुर्गा बनकर खड़ी हो गयी और भाजपा के कार्यकर्ता उनके साथ खड़े हो गये, तब मजबूरन इस राज्य सरकार को झुकना पड़ा.

आजादी के बाद तमाम संभावनाओं के बावजूद बंगाल पीछे छूटता गया

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि आज पश्चिम बंगाल को विकसित राज्य बनाने के लिए हम एक और कदम उठा रहे हैं. आज मुझे 15,000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास का सौभाग्य मिला है. बिजली, सड़क, रेल की बेहतर सुविधाएं आपके जीवन को आसान बनायेगी. इन विकास कार्यों से पश्चिम बंगाल के आर्थिक विकास को गति मिलेगी. पीएम ने कहा कि पश्चिम बंगाल देश के अन्य राज्यों के लिए पूर्वी द्वार का काम करता है. पूर्व में इस द्वार से प्रगति की अपार संभावनाओं का प्रवेश हो सकता है. इसलिए हमारी सरकार पश्चिम बंगाल में सड़क मार्ग, रेल मार्ग, वायु मार्ग और जल मार्ग की आधुनिक कनेक्टिविटी के लिए काम कर रही है. नरेंद्र मोदी ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर के दृष्टिकोण से रेल पश्चिम बंगाल के गौरवशाली इतिहास का हिस्सा रहा है. लेकिन इतिहास की जो बढ़त बंगाल को हासिल थी, आजादी के बाद उसे सही ढंग से आगे नहीं बढ़ाया गया. यही कारण है कि तमाम संभावनाओं के बावजूद बंगाल पीछे छूटता गया. पिछले 10 वर्षों में हमने उस खाई को पाटने के लिए यहां के रेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर बहुत जोर दिया है. बता दें कि पीएम मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में हुगली जिले के आरामबाग क्षेत्र से 7,200 करोड़ की परियाजनाओं का शिलान्यास किया था. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही