Search

 
 
 

डीडी बार हत्याकांड: ट्रांजिट रिमांड पर नीरज सिंह को राजस्थान से जमशेदपुर ला रही पुलिस

बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हत्या और कातिलाना हमले के मामले में गिरफ्तार डीडी बार संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिल गया है.
 

Jamshedpur: बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हत्या और कातिलाना हमले के मामले में गिरफ्तार डीडी बार संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिल गया है. कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद जमशेदपुर पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर झारखंड के लिए रवाना हो गई है. पुलिस के अनुसार, नीरज सिंह को दिल्ली के रास्ते जमशेदपुर लाया जा रहा है और उनके सोमवार रात तक शहर पहुंचने की संभावना है.

 

नीरज सिंह को राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर क्षेत्र के कोतवाली थाना इलाके से गिरफ्तार किया गया था. पुलिस का कहना है कि उनकी गिरफ्तारी मोबाइल लोकेशन के आधार पर की गई. लोकेशन ट्रैक करने के बाद राजस्थान पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा और स्थानीय थाने में रखा गया.

 

जमशेदपुर पुलिस की विशेष टीम पहले दिल्ली पहुंची और वहां से राजस्थान जाकर नीरज सिंह से पूछताछ की. पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें सीकर कोर्ट में पेश किया गया. इस दौरान जमशेदपुर पुलिस ने उन्हें झारखंड लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की मांग की, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर रवाना हो गई.

 

इधर, नीरज सिंह की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर उनकी पत्नी संध्या सिंह और परिवार के कुछ सदस्य भी राजस्थान पहुंचे. संध्या सिंह, जो मानगो नगर निगम के मेयर पद का चुनाव लड़ चुकी हैं, ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि नीरज सिंह और उनके परिवार को बेवजह परेशान किया जा रहा है.

 

अब जमशेदपुर पहुंचने के बाद पुलिस नीरज सिंह से डीडी बार हत्याकांड में विस्तृत पूछताछ करेगी. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही