- - एसोसिएशन ने 29 अगस्त को पत्र लिखकर मांगी कार्रवाई की जानकारी.
- - एक सितंबर को एसोसिएशन की बैठक, आंदोलन की रणनीति पर होगी चर्चा.
- - विधायक जयराम महतो पर है थाना प्रभारी को गाली देने व धमकी देने का आरोप.
Ranchi : झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने धनबाद के एसएसपी को पत्र लिख कर विधायक जयराम महतो व अन्य के खिलाफ अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी है. एसोसिएशन ने धनबाद एसएसपी को 29 अगस्त को पत्र लिखा है. एसोसिएशन की बैठक एक सितंबर को होगी. बैठक में कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन की रणनीति तैयार की जायेगी.
धनबाद एसएसपी को लिखे पत्र में एसोसिएशन ने लिखा है कि विधायक जयराम महतो व अन्य के खिलाफ 22 अगस्त को बरवाअड्डा थाना में प्राथमिकी (कांड संख्या-146/26) दर्ज की गई थी. यह प्राथमिकी बीएनएस की धारा 221, 224, 132, 351(2), 352, 3(5) के तहत दर्ज हुई है.
एसोसिएशन ने आग्रह किया है कि दर्ज प्राथमिकी में अभियुक्तों की गिरफ्तारी समेत सभी प्रक्रियाएं अविलंब पूरी की जाये. ऐसा नहीं होने पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन राज्य के तमाम शाखा पदाधिकारी एवं सदस्यों के साथ आंदोलन पर जायेगी. इसके साथ ही एसोसिएशन ने 24 घंटे के भीतर विधायक व अन्य के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी एसएसपी से मांगी है.
उल्लेखनीय है कि विधायक जयराम महतो ने बरअवड्डा थाना के प्रभारी रवि कुमार को फोन करके उन्हें गालियां दी थी. विधायक ने गाली के साथ-साथ थाना प्रभारी को धमकी और चेतावनी भी थी. इसका ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग के पदाधिकारी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
उधर, विधायक जयराम महतो भी पुलिस एसोसिएशन के खिलाफ आग उगल रहे हैं. लगातार चुनौती दे रहे हैं. रविवार की रात उन्होंने अपने सोशल मीडिया एकउंट पर एक पोस्ट करके कहा कि जो ईमानदार हैं, उनका सम्मान हैं, लेकिन जो भ्रष्ट हैं, उन्हें छोड़ेंगे नहीं. विधायक ने कई घटनाओं का उदाहरण देकर लिखा है कि तथ्य जुटाये जा रहे हैं, जल्द ही प्रेस कांफ्रेंस करके सबके मामले उजागर करेंगे.
विधायक प्रेस कांफ्रेंस करने की बात कर रहे हैं, लेकिन अब मीडिया के लोग भी उनके खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं. उन पर महिला पत्रकार के साथ बदसलूकी करने और उसके कैमरे का मेमोरी कार्ड छीनकर रख लेने का आरोप है.