नीति विहीन हेमंत सरकार को 2024 में उखाड़ फेकेंगे : रोशनलाल चौधरी
Hazaribagh : आजसू पार्टी की जिला समिति हजारीबाग ने गुरुवार को न्याय मार्च निकाला. आजसू पार्टी के कार्यकर्ता जिला स्कूल, पुराना समाहरणालय से पैदल जुलूस की शक्ल में नया समाहरणालय पहुंचे. उसके बाद डीसी को सात सूत्री मांग पत्र सौंपा. इसमें मुख्य रूप से झारखंड में स्थानीय और नियोजन नीति लागू करने, झारखंड में जातीय जनगणना कराने और आबादी के अनुसार पिछड़ों को आरक्षण देने, खनिज संपदाओं की लूट पर रोक लगाने आदि मांगें शामिल थीं. आजसू पार्टी की ओर से आयोजित न्याय मार्च की अध्यक्षता हज़ारीबाग जिला अध्यक्ष विकास राणा ने किया तथा संचालन जिला प्रधान सचिव कपिलदेव महतो ने किया. न्याय मार्च में मुख्य अतिथि आजसू पार्टी के केन्द्रीय महासचिव सह बड़कागांव विधानसभा प्रभारी रोशनलाल चौधरी एवं विशिष्ट अतिथि मांडू विधानसभा प्रभारी तिवारी महतो उपस्थित हुए. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोशनलाल चौधरी ने कहा कि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन होगा. झारखंड में खनिज संपदाओं की लूट मची है. बालू के अभाव में सारे विकास के कार्य ठप हो गए है. आज तक झारखंड में विस्थापन नीति नहीं बनी है. इस नीति विहीन हेमंत सरकार को 2024 में उखाड़ फेकेंगे. विशिष्ट अतिथि मांडू विधानसभा प्रभारी तिवारी महतो ने कहा कि झारखंड में 1932 के आधार पर स्थानीय और नियोजन नीति बनाने का वादा करके यूपीए सरकार मुकर गई. झारखंड की जनता से झूठ बोलकर गुमराह कर रही सरकार को जनता सबक सिखाएगी. सरकार के संरक्षण में बेधड़क कोयला चोरी की जा रही है. आजसू पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी. न्याय मार्च की अध्यक्षता करते हुए हज़ारीबाग जिला अध्यक्ष विकास राणा ने कहा कि झारखंड में जातीय जनगणना हो और आबादी के आधार पर पिछड़ी जाति को आरक्षण देना होगा. इसकी जितनी भागीदारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी होनी चाहिए. झारखंड में स्थानीय और नियोजन नीति नहीं बनने से सारे युवा वर्ग के लोग आज बेरोज़गार हैं. उनकी नौकरी में जाने की उम्र सीमा समाप्त हो रही है. सरकार को इसका भी ख्याल नहीं है. यह सरकार युवाओं को बेरोजगार बनाकर मानसिक शोषण कर रही है. न्याय मार्च में बरही विधानसभा प्रभारी राजसिंह चौहान, केंद्रीय सचिव परमेश्वर महतो, केंद्रीय सदस्य आनन्द सिंह, विजय वर्मा, महिला मोर्चा की केन्द्रीय सचिव संगीता बरला, लालचन्द महतो, पंकज साहा, संदीप कुशवाहा, विश्वनाथ महतो, अजय कुमार, भोला महतो सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Leave a Comment