Search

राज्यसभा की दूसरी सीट पर बढ़ी सियासी हलचल, कांग्रेस के सामने माले ने पेश किया नया समीकरण

Ranchi :  झारखंड में राज्यसभा चुनाव की घोषणा से पहले महागठबंधन के भीतर दूसरी सीट को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं.

 

 

अब तक यह माना जा रहा था कि गठबंधन की एक सीट झामुमो और दूसरी सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी, लेकिन भाकपा-माले ने अपनी दावेदारी पेश कर सियासी चर्चा को नया मोड़ दे दिया है. इससे महागठबंधन के अंदर सीट बंटवारे को लेकर मंथन तेज होने के संकेत मिल रहे हैं.

 


विधानसभा में संख्या बल के आधार पर महागठबंधन दोनों सीटों पर मजबूत स्थिति में है. ऐसे में उम्मीदवारों के चयन को लेकर सहयोगी दलों की सक्रियता बढ़ गई है. झामुमो जहां पहली सीट पर अपना दावा मजबूत मान रहा है, वहीं दूसरी सीट को लेकर अब कांग्रेस को अपने सहयोगियों की उपेक्षाओं का सामना करना पड़ सकता है.

 


विनोद सिंह को राज्यसभा भेजने की मांग  : भाकपा-माले ने दूसरी सीट के लिए अपने वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक विनोद सिंह का नाम आगे बढ़ाया है.

 


पार्टी का कहना है कि राज्य में जनआंदोलनों से लेकर चुनावी संघर्ष तक उसने गठबंधन के साथ मजबूती से भूमिका निभाई है, इसलिए उसे संसद के उच्च सदन में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए.

 


पार्टी के प्रदेश सचिव मनोज भक्त ने कहा कि महागठबंधन को सहयोगी दलों की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए. उनके अनुसार एक सीट पर झामुमो उम्मीदवार उतारे, जबकि दूसरी सीट सहयोगी दल के तौर पर भाकपा-माले को दी जाए.

 


कांग्रेस और झामुमो की नजर संख्या बल पर : हालांकि महागठबंधन के भीतर कई नेताओं का मानना है कि राज्यसभा सीटों का फैसला विधानसभा में दलों की ताकत और राजनीतिक योगदान को ध्यान में रखकर होगा.

 


कांग्रेस दूसरी सीट पर अपना दावा छोड़ने के मूड में नहीं दिख रही है, जबकि झामुमो भी अंतिम निर्णय से पहले सभी सहयोगी दलों के साथ चर्चा की रणनीति पर काम कर रहा है.

 


राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले महागठबंधन के शीर्ष नेतृत्व को सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला करना होगा. ऐसे में आने वाले दिनों में राज्यसभा की दूसरी सीट को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//