Search

धनबाद एयरपोर्ट पर सियासी घमासान, सांसद के आरोपों को निरसा विधायक ने बताया तथ्यहीन

Dhanbad : धनबाद में लंबे समय से लंबित एयरपोर्ट निर्माण की मांग को लेकर अब सियासत तेज हो गई है. इस मुद्दे पर सांसद ढुल्लू महतो द्वारा सरकार पर लगाए गए आरोपों पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कड़ी आपत्ति जताई है और इसे पूरी तरह तथ्यहीन बताया है.

 

दरअसल, एयरपोर्ट निर्माण की मांग को लेकर सांसद ढुल्लू महतो के नेतृत्व में शुक्रवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया था. इस दौरान सांसद ने सरकार पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि धनबाद में एयरपोर्ट नहीं बनने का मुख्य कारण सरकार की हठधर्मिता और जमीन उपलब्ध न कराना है. उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है.

 

इधर, निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने आज सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की ओर से एयरपोर्ट निर्माण को लेकर राज्य सरकार को हाल के वर्षों में कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त ही नहीं हुआ है. ऐसे में राज्य सरकार पर आरोप लगाना पूरी तरह भ्रामक और जनता को गुमराह करने वाला है.

 

विधायक चटर्जी ने आगे बताया कि वर्ष 2017 में एयरपोर्ट को लेकर राज्य सरकार को एक प्रस्ताव मिला था जिसके आधार पर विजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की गई थी. 2018 में आई एक विशेषज्ञ टीम ने इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया था. इसके बाद न तो केंद्र की ओर से कोई नई पहल हुई और न ही कोई टीम निरीक्षण के लिए पहुंची.

 

वहीं, बोकारो एयरपोर्ट के संदर्भ में उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार किसी भी प्रकार से बाधक नहीं है. उन्होंने कहा कि वहां निर्माण कार्य केवल पॉल्यूशन क्लियरेंस के कारण रुका हुआ है जो केंद्र सरकार के स्तर पर लंबित है इसलिए इस मामले में राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है.

 

अरूप चटर्जी ने यह भी कहा कि यदि धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में केंद्र सरकार ठोस पहल करती है तो राज्य सरकार जमीन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने जोर देकर कहा कि इस तरह के संवेदनशील और विकास से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय सभी पक्षों को मिलकर समाधान निकालना चाहिए.

 

फिलहाल एयरपोर्ट निर्माण को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है जिससे यह मुद्दा अब राजनीतिक बहस का केंद्र बनता जा रहा है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि राजनीतिक खींचतान के बीच जल्द ही इस दिशा में ठोस पहल होगी ताकि धनबाद को भी हवाई सेवा का लाभ मिल सके.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//