Search

 
 
 

शाह के UCC वाले बयान पर गरमाई सियासत, JDU बोला-बिहार में लागू नहीं होने देंगे, कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति बताया

Bihar News : कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने UCC लागू करने को लेकर केंद्र सरकार से कई सवाल किए. उन्होंने पूछा कि क्या UCC लागू होने से देश की आर्थिक स्थिति बेहतर हो जाएगी? क्या इससे बेरोजगारी खत्म हो जाएगी? क्या पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम हो जाएंगी?
 
यूसीसी

Bihar News : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वर्ष 2029 तक NDA शासित सभी राज्यों में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के बयान के बाद सियासत तेज हो गई है. एक तरफ JDU ने साफ कर दिया है कि राज्य में UCC लागू नहीं किया जाएगा. वहीं कांग्रेस नेताओं ने भी केंद्र सरकार के इस कदम पर सवाल उठाते हुए इसे वोट बैंक की राजनीति करार दिया है. 

 

JDU ने कहा- बिहार में लागू नहीं होगा UCC

JDU नेता श्याम रजक ने कहा कि जब UCC का बिल संसद में आया था, तब पार्टी के नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने साफ कहा था कि वे संसद में बिल का समर्थन करेंगे, लेकिन बिहार में इसे लागू नहीं होने देंगे. श्याम रजक ने कहा कि JDU आज भी अपने इस रुख पर कायम है. उन्होंने साफ कहा कि बिहार में किसी भी कीमत पर UCC लागू नहीं होने दिया जाएगा.

 

 

राशिद अल्वी ने सरकार से पूछे सवाल

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने UCC लागू करने को लेकर केंद्र सरकार से कई सवाल किए. उन्होंने पूछा कि क्या UCC लागू होने से देश की आर्थिक स्थिति बेहतर हो जाएगी? क्या इससे बेरोजगारी खत्म हो जाएगी? क्या पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम हो जाएंगी?

 

उन्होंने कहा कि देश में अलग-अलग धर्मों के अपने-अपने पर्सनल लॉ हैं. सरकार अगर सभी राज्यों में UCC लागू करती है, तो इससे जुड़े कई सवाल उठेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि UCC का मुद्दा मुसलमानों के खिलाफ एक तरह की जिद बन गया है.

 

 

संविधान से अलग नहीं हो सकती विचारधारा : सलमान खुर्शीद

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने NDA शासित 21 राज्यों में 2029 से पहले UCC लागू करने की बात पर कहा कि हर राजनीतिक दल की अपनी विचारधारा हो सकती है. लेकिन कोई भी विचारधारा संविधान से अलग नहीं हो सकती. उन्होंने कहा कि अगर सरकार दूसरे राज्यों में भी UCC लागू करना चाहती है, तो उसे संविधान के दायरे में रहकर ही आगे बढ़ना होगा.

 

 

 

उत्तर प्रदेश (सहारनपुर) से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि UCC लागू हो या नहीं, इससे बहुत फर्क नहीं पड़ता. उन्होंने कहा कि भारत परंपराओं का देश है और लोग अपनी परंपराओं को मानते रहेंगे. मसूद ने आरोप लगाया कि UCC का मुद्दा सिर्फ वोट बैंक की राजनीति के लिए है. उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर बात करनी चाहिए, लेकिन इन जरूरी मुद्दों से ध्यान हटाकर ऐसे विषयों पर चर्चा की जा रही है.

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही