Search

चीन की सीमा के पास राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुखोई 30 लड़ाकू विमान से भरी उड़ान

Tejpur : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को असम के तेजपुर वायुसेना अड्डे से सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान में उड़ान भरी. यह किसी लड़ाकू विमान की उनकी पहली उड़ान थी. ग्रुप कैप्टन नवीन कुमार तिवारी ने राष्ट्रपति को सुखोई-30 एमकेआई में लेकर उड़ान भरी. मुर्मू ने चीन की सीमा के पास 25 मिनट की अपनी उड़ान पूरी होने के बाद पत्रकारों से कहा, अच्छा लगा. राष्ट्रपति तीनों सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर हैं. फिलहाल असम की तीन दिन की यात्रा पर हैं.

फ्लाइंग सूट पहनकर हैंगर पहुंचीं

वायुसेना अड्डे पर राष्ट्रपति की आगवानी एयर मार्शल एसपी धारकर, राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने की. तेजपुर पहुंचने के बाद मुर्मू को भारतीय वायुसेना कर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया और फिर उन्हें सुखोई विमान में उनकी उड़ान को लेकर आधिकारिक जानकारी प्रदान की गई. इसके बाद वह फ्लाइंग सूट पहनकर हैंगर पहुंचीं और सुखोई-30 में सवार होने के लिए सीढ़ी पर चढ़ने से पहले प्रतीक्षा कर रहे पत्रकारों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया. राष्ट्रपति ने विमान के सामने पायलट और अन्य अधिकारियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं. कॉकपिट में बैठने के बाद, एक महिला अधिकारी ने उन्हें हेलमेट पहनने और अन्य तकनीकी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद की, जिसके बाद उन्होंने हाथ हिलाकर अभिवादन किया. विमान की 25 मिनट की यात्रा के बाद, मुर्मू ने फिर से ग्रुप कैप्टन के साथ तस्वीर खिंचवाई.

लड़ाकू विमान में उड़ान भरने वाली तीसरी राष्ट्रपति

मुर्मू पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम और प्रतिभा पाटिल के बाद किसी लड़ाकू विमान में उड़ान भरने वाली तीसरी भारतीय राष्ट्रपति हैं. हालांकि, उनके पूर्ववर्तियों ने पुणे वायुसेना अड्डे से उड़ान भरी थी. राष्ट्रपति अपना असम दौरा पूरा कर दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तेजपुर से रवाना हो गईं.
इसे भी पढ़ें – वाराणसी">https://lagatar.in/what-happened-with-tej-pratap-yadav-in-varanasi-who-took-out-the-luggage-from-the-hotel/">वाराणसी

में क्या हुआ तेज प्रताप यादव के साथ ? किसने निकाला होटल से सामान बाहर
[wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp