Search

 
 
 

राहुल बच्चा हत्याकांड जमशेदपुर : भागने की कोशिश कर रहे मुख्य आरोपी शब्बे का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

मानगो थाना क्षेत्र के चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. हथियार बरामदगी के लिए ले जाने के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की थी
 

Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र के चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. हथियार बरामदगी के लिए ले जाने के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की. उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी. घायल आरोपी को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


सिटी एसपी ने बताया कि 8 जुलाई की देर रात मानगो के मुंशी मोहल्ला मजार गली के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे के अलावा आफताब और सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था.


पुलिस के अनुसार घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीनों आरोपियों को रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट क्षेत्र में ले जाया गया. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल और एक खाली पिस्टल बरामद की.


इसी दौरान मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे अचानक उग्र हो गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग भी की. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान सब-इंस्पेक्टर संजय की फायरिंग में शब्बे के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया.


घटना के तुरंत बाद घायल आरोपी को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे.


सिटी एसपी ने कहा कि आरोपी के हमले से पुलिस टीम की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया था. ऐसी स्थिति में आत्मरक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई करना आवश्यक था. पुलिस का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो पुलिसकर्मियों की जान को खतरा हो सकता था.


फिलहाल पुलिस राहुल बच्चा हत्याकांड की जांच को आगे बढ़ा रही है. घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, हथियारों की बरामदगी और पूरे षड्यंत्र की कड़ियों को जोड़ने के लिए जांच जारी है.

 

 Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही