Lagatar Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती देने के मामले में अपना रुख और कड़ा करते हुए, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि उनके पास मोदी के खिलाफ लगे आरोपों के सबूत उनके फोन में मौजूद हैं, और इस फोन को "प्रधानमंत्री द्वारा टैप किया जा रहा है".
इंस्टाग्राम पर 'आस्क मी' (मुझसे पूछें) सेशन के दौरान एक सवाल का जवाब देते हुए - जिसमें पूछा गया था कि जब बीजेपी कह रही है कि यह चर्चा संसद में हो सकती है, तो वह सार्वजनिक बहस पर इतना जोर क्यों दे रहे हैं - गांधी ने कहा कि उन्हें सदन में बोलने नहीं दिया जाता, और यहाँ तक कि उनका माइक्रोफोन भी बंद कर दिया जाता है. राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि उनके साथ आमने-सामने की बहस मोदी के राजनीतिक करियर का अंत कर देगी.
बीजेपी ने किया पलटवार
बीजेपी ने इस आरोप पर पटलवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी सिर्फ सुर्खियों में रहने के लिए इस तरह के आरोप लगाते हैं. बीजेपी ने कहा है कि वो फोन में सबूत रख कर क्या करते हैं. वहीं, राहुल गांधी के फ़ोन टैपिंग के आरोपों पर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. उन्होंने कहा,"किसी विदेशी ने राहुल गांधी जी को हैक किया है. किसी को उनका फ़ोन हैक करने की ज़रूरत नहीं है."
भाजपा के केरल प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा है, "मैं राहुल गांधी से पूरे सम्मान के साथ बस इतना ही कह सकता हूं कि उन्हें अपने दिमाग़ की जांच करवानी चाहिए. उनका फ़ोन टैप करने में किसी को दिलचस्पी नहीं है. किसी को कुछ जानना है, तो बस यह कि उनका दिमाग़ रोज़ सिर्फ़ झूठ बोलने पर ही क्यों चलता है."