Lagatar Desk : केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की कांग्रेस में संभावित वापसी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सिंधिया की वापसी को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट कर दिया है. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि जिन लोगों ने पार्टी छोड़कर सरकार गिराया था, पार्टी में उनकी वापसी नहीं हो सकती है.
राहुल गांधी ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस में पिछले कुछ दिनों से सिंधिया की घरवापसी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं. उन्होंने इन कयासों को खारिज करते हुए कहा है कि वर्ष 2020 में जिन लोगों ने पार्टी छोड़कर सरकार गिराने में भूमिका निभाई थी, उनकी वापसी स्वीकार नहीं की जाएगी. चाहे वह ज्योतिरादित्य सिंधिया हों, कोई पूर्व विधायक हों या पार्टी का कोई सामान्य कार्यकर्ता.
हालांकि राहुल गांधी ने यह भी साफ किया है कि जो लोग 2023 के विधानसभा या 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान वापस लौट आए थे और पार्टी के संघर्ष में साथ खड़े रहे, उनसे संगठन को कोई आपत्ति नहीं है. पार्टी उन्हें स्वीकार करती है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष यह भी स्पष्ट किया कि अगर भविष्य में कांग्रेस की सरकार बनती है तो 2020 में पार्टी के साथ विश्वासघात करने वालों के लिए संगठन में कोई जगह नहीं होगी.
कांग्रेस सांसद ने यह भी भरोसा दिलाया है कि यदि कोई पुराना और निष्ठावान कार्यकर्ता ऐसे लोगों की वापसी पर सवाल उठाता है, तो उसकी शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और पार्टी मामले की जांच करेगी. पार्टी ने विशेष रूप से ग्वालियर-चंबल संभाग के उन जमीनी कार्यकर्ताओं को महत्व देने का फैसला किया है, जिन्होंने 2020 के सियासी संकट में पार्टी का साथ नहीं छोड़ा. पार्टी के लिए संघर्ष किया और अपनी निष्ठा बनाए रखी.
कांग्रेस में भविष्य की राजनीति उन्हीं कार्यकर्ताओं के दम पर आगे बढ़ेगी, जिन्होंने बुरे वक्त में पार्टी का साथ निभाया, न कि उन लोगों की जिन्होंने सत्ता के लिए पार्टी छोड़ दी थी.