Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

अगले सप्ताह अमेरिका जायेंगे राहुल गांधी..  भारतीय समुदाय से करेंगे संवाद...सहित राष्ट्रीय खबरें एक नजर में

NewDelhi :  लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अगले सप्ताह अमेरिका के तीन दिवसीय दौरे पर होंगे जहां वह भारतीय मूल के लोगों, छात्रों, कारोबारियों, थिंक टैंकऔर स्थानीय नेताओं के साथ संवाद करेंगे. कांग्रेस की इकाई इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने शनिवार को एक वीडियो जारी कर राहुल गांधी के अमेरिकी दौरे के बारे में जानकारी साझा की. पित्रोदा ने बताया कि राहल गांधी आठ सितंबर को अमेरिका के डलास शहर में होंगे और 9 तथा 10 सितंबर को वाशिंगटन में रहेंगे. नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद राहुल गांधी का यह पहला अमेरिका दौरा होगा. राहुल गांधी टेक्सास विश्वविद्यालय के छात्रों और शिक्षाविदों से संवाद करेंगे : पित्रोदा ने कहा, राहुल गांधी जबसे नेता प्रतिपक्ष बने हैं तबसे मेरे पास भारतीय मूल के लोगों, राजनयिकों, शिक्षाविदों, नेताओं, कारोबारियों, अंतरराष्ट्रीय मीडिया की ओर से बड़े पैमाने पर आग्रह आ रहे हैं कि वे राहुल गांधी से बातचीत करना चाहते हैं. वह एक संक्षिप्त दौरे पर अमेरिका पहुंच रहे हैं. उनके मुताबिक, डलास में राहुल गांधी टेक्सास विश्वविद्यालय के छात्रों और शिक्षाविदों से संवाद करेंगे. उनका स्थानीय भारतीय समुदाय तथा कुछ ‘टेक्नोक्रेट’ से भी मिलने का कार्यक्रम है. वह डलास क्षेत्र के नेताओं के साथ रात्रिभोज भी करेंगे. पित्रोदा ने कहा, अगले दिन हम वॉशिंगटन डीसी पहुंचेंगे जहां हमारी योजना विभिन्न लोगों से संवाद की है. पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर पहुंची विनेश फोगाट, सम्मानित की गयी...:  पंजाब-हरियाणा के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर डेरा जमाये बैठे किसानों को आज 200 दिन पूरे हो गये. खबरों के अनुसार किसान आंदोलन-2 के 200 दिन पूरे होने पर शनिवार को शंभू और खनौरी बॉर्डर पर हजारों की संख्या में किसान हरियाणा, पंजाब और अन्य राज्यों से पहुंच रहे हैं. सबसे बड़ी बात कि अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट किसान आंदोलन के 200 दिन पूरे होने पर शंभू बॉर्डर पर किसानों के विरोध स्थल पर पहुंचीं.  उन्हें किसान संगठन ने किया. विनेश ने कहा, यह देखकर दुख हो रहा है कि किसानों को यहां बैठे हुए 200 दिन हो गये हैं.. किसान इस देश के नागरिक हैं. कहा कि किसान देश चलाते हैं.  विनेश ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि किसानों की सुननी चाहिए. कहा कि  केंद्र सरकार ने पिछली बार अपनी गलती स्वीकार की थी. वह अपने वादे पूरे करे,  अगर लोग इस तरह सड़कों पर बैठे रहेंगे तो देश प्रगति नहीं कर सकता. बीएनपी नेता ने कहा...शेख हसीना का प्रत्यर्पण करे भारत :   बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने कहा कि भारत-बांग्लादेश संबंधों में एक नया अध्याय शुरू करना महत्वपूर्ण है, जो पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण के साथ शुरू होना चाहिए, क्योंकि भारत में उनकी निरंतर उपस्थिति द्विपक्षीय संबंधों को और नुकसान पहुंचा सकती है. आलमगीर ने इस बात पर जोर दिया कि उनकी पार्टी भारत के साथ मजबूत संबंधों की इच्छुक है. आश्वासन दिया कि बीएनपी बांग्लादेशी सरजमीं पर ऐसी किसी भी गतिविधि की अनुमति नहीं देगी, जिससे भारत की सुरक्षा के समक्ष खतरा पैदा हो.  आलमगीर ने कहा कि अगर बीएनपी सत्ता में आती है, तो वह आवामी लीग सरकार के दौरान हुए विवादित अडाणी बिजली समझौते की समीक्षा और पुन: मूल्यांकन करेगी.   दावा किया कि यह भारत की कूटनीतिक विफलता है कि वह बांग्लादेश के लोगों की मानसिकता को समझने में नाकाम रहा.   युवाओं को कट्टरपंथी बनाने में शामिल मुख्य आरोपी गिरफ्तार  : राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और भारत में इस्लामी विचारधारा स्थापित करने की अंतरराष्ट्रीय साजिश में शामिल एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है.  शनिवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी. आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अजीज अहामद उर्फ ​​अजीज अहमद उर्फ ​​जलील अजीज अहमद को शुक्रवार को विदेश भागने की कोशिश करते समय बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ लिया. एनआईए के बयान के अनुसार, एजेंसी ने यह गिरफ्तारी छह लोगों के खिलाफ दर्ज मामले में की है, जो हिज्ब-उत-तहरीर की चरमपंथी विचारधारा से प्रभावित हैं. यह एक अंतरराष्ट्रीय इस्लामी और कट्टरपंथी संगठन है, जो इस्लामी विचारधारा स्थापित करने और अपने संस्थापक तकी अल-दीन अल-नभानी द्वारा लिखे गये संविधान को लागू करने के लिए संघर्ष कर रहा है. पीएम  मोदी ने तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई  : प्रधानमंत्री  मोदी ने शनिवार को कहा कि रेलवे ने काफी समय से लंबित समस्याओं के समाधान में बड़ी प्रगति की है और यह तब तक नहीं रुकेगी जब तक यह समाज के सभी वर्गों के लिए आरामदायक यात्रा की गारंटी नहीं बन जाती.  प्रधानमंत्री ने ये टिप्पणियां तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाने जाने के कार्यक्रम के दौरान कीं. मोदी ने कहा,  वर्षों से अपनी कड़ी मेहनत के जरिए रेलवे ने काफी समय से लंबित समस्याओं के समाधान में बड़ी प्रगति की है और नयी उम्मीदें एवं समाधान पेश किये हैं. हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक भारतीय रेलवे सभी के लिए आरामदायक यात्रा की गारंटी नहीं बन जाती.  प्रधानमंत्री मोदी ने मेरठ को लखनऊ, मदुरै को बेंगलुरु और चेन्नई को नागरकोइल से जोड़ने वाली तीन नयी वंदे भारत ट्रेन को शनिवार को हरी झंडी दिखाई. जयशंकर ने कहा, चीन के साथ निवेश की समीक्षा की जानी चाहिए :   विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को कहा कि भारत के सामने चीन संबंधी एक विशेष समस्या है जो दुनिया की चीन संबंधी सामान्य समस्या से अलग है. उन्होंने साथ ही कहा कि चीन के साथ संबंधों एवं सीमा पर स्थिति को देखते हुए वहां से होने वाले निवेश की समीक्षा की जानी चाहिए. जयशंकर ने कहा कि यदि लोग चीन के साथ व्यापारिक घाटे की शिकायत कर रहे हैं और हम भी (इससे परेशान हैं) तथा ऐसा इसलिए है क्योंकि दशकों पहले ‘हमने चीनी उत्पादन की प्रकृति और उन लाभों को जानबूझकर नजरअंदाज कर दिया था, जो उन्हें ऐसी प्रणाली में प्राप्त हुए, जिसमें उन्हें अपने साथ लाये गये सभी लाभों के अलावा समान अवसर मिले.  उन्होंने यहां ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम’ में नये भारत के जोखिम, सुधार और जिम्मेदारियां’ विषय पर आयोजित सत्र के दौरान कहा,  चीन कई मायनों में एक अनूठी समस्या है क्योंकि वह एक अनूठी राजनीति है, वह एक अनोखी अर्थव्यवस्था है.  प्रतिबंधित मांस  ले जाने के संदेह में ट्रेन में बुजुर्ग की पिटाई :   महाराष्ट्र के नासिक जिले में इगतपुरी के समीप एक एक्सप्रेस ट्रेन में प्रतिबंधित मांस ले जाने के संदेह में एक बुजुर्ग व्यक्ति की उसके सहयात्रियों ने कथित तौर पर पिटाई कर दी.  राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शनिवार को यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में हुई कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद जीआरपी ने जांच शुरू कर दी है. वीडियो में एक दर्जन लोग ट्रेन के अंदर एक व्यक्ति पर हमला करते और उसे गालियां देते नजर आ रहे हैं. जीआरपी के अनुसार, जलगांव जिले के निवासी हाजी अशरफ मुन्यार कल्याण में अपनी बेटी के घर जा रहे थे, तभी इगतपुरी के निकट उनके सहयात्रियों ने कथित तौर पर इस संदेह में उनकी पिटाई कर दी कि वह प्रतिबंधित मांस ले जा रहे हैं. कांग्रेस का कर्नाटक के राज्यपाल के खिलाफ राज भवन चलो  मार्च : कर्नाटक में कांग्रेस ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत द्वारा मैसूरु शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) भूमि आवंटन में कथित घोटाले की जांच किए जाने और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया पर मुकदमा चलाने की मंजूरी दिये जाने के खिलाफ शनिवार को प्रदर्शन किया.  सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार की अगुवाई में सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं ने ‘राज भवन चलो मार्च निकालने से पहले प्रदर्शन किया.  मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के लिए राज्यपाल कार्यालय का दुरुपयोग किया जा रहा है.  सिद्धरमैया ने गहलोत पर भेदभाव करने का भी आरोप लगाया है.  राज्यपाल  ने 16 अगस्त को तीन सामाजिक संस्थाओं की याचिकाओं में उल्लिखित कथित अपराधों के लिए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 17ए और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 218 के तहत मुख्यमंत्री के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी थी.          

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही