Search

राहुल ने पटना में कहा, देश में भारत जोड़ो और भारत तोड़ो वाली विचारधारा के बीच लड़ाई है

Patna : तेलंगाना, एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा कहीं नहीं दिखाई देगी. कांग्रेस जीतकर दिखायेगी. क्योंकि कांग्रेस गरीबों के साथ खड़ी है. नरेंद्र मोदी की भाजपा का मतलब सिर्फ दो तीन लोगों को फायदा पहुंचाना है, जबकि कांग्रेस सिर्फ गरीबों के लिए काम करती है. राहुल गांधी आज विपक्षी दलों की बैठक से पहले पटना के पार्टी कार्यालय(सदाकत आश्रम) में बोल रहे थे. इस क्रम में  कहा कि देश की विपक्षी पार्टियां एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी को पराजित करेंगी.

भारत जोड़ो यात्रा में बिहारियों ने बहुत मदद की

राहुल गांधी ने अपना भाषण शुरू करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूछा कि उनका मूड कैसा है. कार्यकर्ताओं ने बताया कि मूड अच्छा है. इसके बाद राहुल ने कहा कि अभी देश में भारत जोड़ो और भारत तोड़ो वाली विचारधारा के बीच लड़ाई है. इसलिए आज हम बिहार आये हैं. कहा कि कांग्रेस का डीएनए बिहार में है. भारत जोड़ो यात्रा में बिहारियों ने बहुत मदद की. राहुल ने कहा कि जिस राज्य में भी गये वहां बिहार के लोग हमारे साथ चले. भाजपा पर हल्ला बोलते हुए कहा कि वह नफरत फैलाने का काम करती है. कांग्रेस मोहब्बत फैलाने का काम कर रही है. क्योंकि नफरत को मोहब्बत ही काट सकती है. इसलिए हम मोहब्बत की बात करते हैं.

बिहार जीता तो पूरा हिंदुस्तान जीतेंगे :  खड़गे  

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पटना के सदाकत आश्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी विपक्षी दल एक होंगे और मिलकर 2024 का चुनाव में लड़ेंगे.. इसके लिए राहुल गांधी ने कदम उठाये हैं. इसी नीयत से हम लोग पटना में आज मीटिंग कर रहे हैं. काह कि हम यहां आपका आशीर्वाद लेने आये हैं. कांग्रेस की विचारधारा को बिहार कभी नहीं छोड़ सकता है. खड़गे ने कहा कि अगर बिहार हम जीते तो पूरे देश में जीत जायेंगे.

राहुल गांधी और  खड़गे का पटना पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का आज शुक्रवार को पटना पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया. वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी पहली बार बिहार पहुंचे हैं. उनके साथ अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और संगठन के प्रभारी महासचिव के सी वेणुगोपाल भी थे. नीतीश कुमार कांग्रेस नेताओं की अगवानी तथा उनका स्वागत करने के लिए जयप्रकाश नारायण हवाई अड्डे पहुंचे थे. हवाई अड्डे पर बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक जुटे जो राहुल की एक झलक पाने को बेताब दिखे. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp