Ranchi News : वर्ष 2007 में उत्तर प्रदेश (रामपुर) के सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या के मामले में झारखंड कनेक्शन सामने आया है. झारखंड के कुख्यात अपराधी राहुल सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हत्या की जिम्मेदारी ली है. पोस्ट सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

राहुल सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर किया
जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 की शाम रामपुर के खजुरिया थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो अपराधियों ने मोहम्मद शरीफ को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. उस समय शरीफ अपने बेटे के साथ बाइक से घर लौट रहा था. हमले में उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर आठ गोलियां लगने की पुष्टि हुई है.
सोशल मीडिया पोस्ट में दूसरे आरोपियों को भी धमकी
हत्या के बाद राहुल सिंह नाम की आईडी से एक पोस्ट की गई. इसमें मोहम्मद शरीफ की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. पोस्ट में वर्ष 2007 में सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा गया कि उस हमले में सात जवान शहीद हुए थे. पोस्ट में दावा किया गया कि अदालत से न्याय नहीं मिला, इसलिए हत्या कर बदला लिया गया. साथ ही हमले के अन्य आरोपियों को भी धमकी दी गई है कि वे अपनी तैयारी कर लें, जल्द ही उनका नंबर आने वाला है.
यूपी पुलिस खंगाल रही झारखंड कनेक्शन
सोशल मीडिया पर पोस्ट सामने आने के बाद रामपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस पोस्ट करने वाले व्यक्ति की वास्तविक पहचान, राहुल सिंह गैंग से उसके संबंध और हत्या में उसकी भूमिका का पता लगा रही है. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, राहुल सिंह की तलाश में उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम झारखंड भी आ सकती है. जांच में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े संभावित पहलुओं को भी शामिल किया गया है.
हालांकि, अभी तक उत्तर प्रदेश पुलिस ने राहुल सिंह गैंग या किसी अन्य गिरोह की हत्या में संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता और हत्या के पीछे की साजिश समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
झारखंड में रंगदारी और गोलीबारी के मामलों में चर्चा में रहा है राहुल सिंह गैंग
राहुल सिंह का नाम झारखंड में कोयला, बालू और जमीन कारोबारियों से रंगदारी मांगने तथा गोलीबारी की घटनाओं में सामने आता रहा है. उसके खिलाफ झारखंड के विभिन्न जिलों में आपराधिक मामले दर्ज है. राहुल सिंह विदेश में रहकर गिरोह संचालित करता है. उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया है.