Search

 
 
 

मेकन के पास अतिक्रमण करने वालों को रेलवे का नोटिस, सात दिन में हटने का दिया निर्देश

 

Ranchi : मेकन और सेटेलाइट कॉलोनी के बीच स्थित रेलवे पुल के पास बने अवैध निर्माण सात दिनों के अंदर हटाए जाएंगे. इस मामले पर रेल मंडल ने कार्रवाई भी शुरू कर दी है. यहां रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिए गए. यह नोटिस यहां पर अवैध तरीके से बनाए 27 दुकान और घरों को दिए गए.
रेलवे आरपीएफ के वरीय कमांडेंट प्रशांत यादव भी इस दौरान रेलवे पुलिस बल के साथ मौजूद थे. नोटिस जारी करने से पूर्व इस स्थान पर अतिक्रमण कर बने दुकानों और घरों को सर्वे कर चिन्हित किया गया था. इसके आधार पर ही इन दुकानों और घरों के मालिकों को नोटिस दिया गया. इसमें से 19 लोगों को उनके हाथ में देकर नोटिस का रिसीव लिया गया. जबकि आठ लोगों की अनुपस्थिति पर उनके दुकान और घरों पर तिथि के साथ नोटिस चिपकाए गए.

दो दिन पहले जमीन विवाद को लेकर गोली भी चली थी

नोटिस में अतिक्रमण करनेवाले लोगों से सात दिनों के अंदर रेलवे की जमीन छोड़ने को कहा गया है. यदि इसके बाद भी अवैध निर्माण नहीं हटाया गया तो उक्त अवधि के बाद अतिक्रमण पर बने ढांचों को हटा दिया जाएगा. मेकन और सेटेलाइट कालोनी के बीच रेलवे पुल के पास रेलवे की खाली जगह पर अतिक्रमण कर कई होटल और दुकान और घर बना लिए गए हैं. गत शनिवार को यहां जमीन विवाद को लेकर दो गुटों के बीच अंधाधुंध गोलीबारी हुई थी. इस घटना के बाद चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. सेटेलाइट कॉलोनी बनने के बाद ही रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण कर घर के साथ दुकान और खटाल बना लिए गए थे.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही