Ranchi News : झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 30 अगस्त से 2 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. 31 अगस्त को रांची समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
30 अगस्त को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे. कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछार पड़ सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी आशंका है.
मौसम विभाग ने दक्षिणी, उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है. इनमें दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद शामिल हैं.
31 अगस्त को बारिश और तेज हो सकती है. रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा और लातेहार में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. राज्य के दूसरे हिस्सों में भी भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है.
1 सितंबर को भी कई जिलों में बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने का अलर्ट है. लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा समेत कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. 2 सितंबर को दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और कोडरमा में भारी बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. लोगों को बारिश और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.