Search

 
 
 

एक नवंबर की रैलीः राहुल ने जारी किया पोस्टर, ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’, बीजेपी से क्या कहा

राहुल ने तंज कसने के लहजे में लिखा, "बीजेपी और उसके साथियों का दिल से धन्यवाद, जो इस कार्यक्रम का इतना ज़ोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं और इसे ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुंचा रहे हैं. बस अगले सात दिन भी यही जोश और लगन बनाए रखिए!"
 
Rahul Gandhi


Lagatar Desk: 

एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक पोस्टर जारी किया है. पोस्टर में ‘चलो दिल्ली’ का नारा दिया गया है. साथ ही ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ लिखा है. यह रैली एसआइआर में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर बुलायी गयी है. 

 

 

राहुल गांधी का पोस्ट

 

हालांकि, राहुल गांधी ने जो पोस्टर जारी किया है, उसमें रैली को लेकर किस पार्टी ने आह्वान किया है, इसका जिक्र नहीं है. किसी दल (कांग्रेस भी नहीं) का या इंडिया गठबंधन का नाम नहीं है. ऐसा लगता है राहुल गांधी इस रैली को किसी दल या गठबंधन के दायरे से बाहर रखना चाहते हैं. वे इसे आम लोगों की रैली बनाना चाहते हैं, जिसमें हर दल, छात्र संगठन और हर वर्ग के लोग शामिल हो सकें. पोस्टर जारी करते हुए राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा है- “हमारा वोट चुराया जा रहा है और ये हम किसी हाल में चुपचाप नहीं सहेंगे. मतदाता सूचियों से नाम काटे गए. नियम-कानून तोड़े गए. और सवाल पूछने वालों पर लाठियां चलीं.” राहुल गांधी ने छात्र, किसान, मज़दूर, महिलाएं, नौजवान और व्यापारी सभी से आह्वान किया है कि वह रैली में आयें. जिस-जिस को भी लोकतंत्र की फिक्र हैं, वो जरुर आए. क्योंकि वोट आपका है, लड़ाई भी आपकी है. 

 

राहुल ने आगे तंज कसने के लहजे में लिखा, "बीजेपी और उसके साथियों का दिल से धन्यवाद, जो इस कार्यक्रम का इतना ज़ोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं और इसे ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुंचा रहे हैं. बस अगले सात दिन भी यही जोश और लगन बनाए रखिए!"

 

उल्लेखनीय है कि शनिवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने व्यवसायिक संगठन चैंबर ऑफ़ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के लेटर पैड पर जारी पत्र का हवाला देकर कहा था कि राहुल गांधी व्यापारियों को नुकसान पहुंचाने के लिए रैली कर रहे हैं. पत्र में लिखा गया था कि एक दिन की रैली से बाजार को करीब 10 हजार करोड़ रुपये का नुक़सान होगा. चैंबर ऑफ़ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने पत्र लिखकर राहुल गांधी से 10 नवंबर के बाद इस रैली को आयोजित करने की अपील की है. व्यापार संगठन ने आशंका जताई है कि रैली के चलते दिवाली के व्यस्त खरीदारी सीज़न में दिल्ली के कारोबार को हज़ारों करोड़ रुपये का नुक़सान हो सकता है.

 


राहुल गांधी के पोस्टर जारी होने से पहले शनिवार को देश के गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली पुलिस के मुख्यालय पहुंचे थे. वह करीब दो घंटे तक वहां रहें. दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठकें की. माना जा रहा है कि एक नवंबर की रैली को लेकर ही गृह मंत्री दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे थे. शायद सुरक्षा को लेकर वह भी फिक्रमंद हैं. हालांकि विपक्षी पार्टियां अब यह भी कह रही हैं कि समस्या अरूणाचल प्रदेश और मणिपुर में हैं और गृह मंत्री दिल्ली पुलिस मुख्यालय में जाते हैं.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही