Ramgarh News : जिले के सिद्धू-कान्हू मैदान में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत आज मांडू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) जारी है. जिला प्रशासन की देखरेख में बहाली प्रक्रिया सुव्यवस्थित, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है. बता दें कि अब तक दौड़ का पांचवां बैच पूरा हो चुका है.
जिला प्रशासन के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने के लिए महिला अभ्यर्थियां तड़के ही मैदान पहुंचने लगीं. इसके बाग सुबह 5 बजे से अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच शुरू की गई. कागजातों के शुरुआती सत्यापन के बाद उन्हें मैदान में प्रवेश दिया गया. सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दौड़ शुरू हुई. इसके साथ ही अन्य शारीरिक जांच की प्रक्रिया भी जारी है.

होमगार्ड बहाली के लिए दौड़ प्रक्रिया
CCTV और वीडियोग्राफी से रखी जा रही नजर
होमगार्ड बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए मैदान में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. साथ ही, पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है. जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो सके.

महिला अभ्यर्थियों की लंबाई की जांच
अभ्यर्थियों के लिए की गई जरूरी व्यवस्था
होमगार्ड बहाली प्रक्रिया को लेकर प्रशासन की ओर से सिद्धू-कान्हू मैदान में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. अभ्यर्थियों के लिए पीने के पानी और बैठने के लिए शेड की व्यवस्था की गई है. वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस और मेडिकल टीम को भी तैनात किया गया है. महिला अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है.

होमगार्ड बहाली प्रक्रिया में शामिल महिला अभ्यर्थी
अनुशासन बनाए रखने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे बहाली प्रक्रिया के दौरान अनुशासन बनाए रखें और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें. साथ ही, किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी गई है, ताकि पूरी बहाली प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.