Ramgarh News: रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिले के सभी सरकारी माध्यमिक एवं +2 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ समीक्षा बैठक हुई. बैठक में विद्यालयों में संचालित विभिन्न शैक्षणिक, विकासात्मक एवं कल्याणकारी गतिविधियों की प्रगति, विद्यालयी व्यवस्थाओं तथा आगामी शैक्षणिक गतिविधियों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई.
इसे भी पढ़ें:
बैठक के दौरान प्रोजेक्ट रेल एवं आकलन परीक्षा के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया. वहीं मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 को लेकर विद्यालय स्तर पर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली गई तथा समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने विद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं संसाधनों की भी समीक्षा की. इस दौरान आवश्यक निर्माण कार्यों, रख-रखाव तथा आगामी योजनाओं पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया.
बैठक में विद्यालयों की व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई. इसमें मध्याह्न भोजन पाठ्योजना, विद्यालय रूटीन, पुस्तकालय, साफ-सफाई, शौचालय, रख-रखाव, स्टॉक पंजी, विज्ञान प्रयोगशाला सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल रहीं. विद्यालयों में इन सभी व्यवस्थाओं का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
इसके अलावा विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई. इसमें छात्र कोष/विकास कोष, एवं एल्बेंडाजोल की गोली का वितरण, छात्रवृत्ति, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, पेयजल एवं विद्युत सुविधा आदि की स्थिति की जानकारी ली गई. संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचाने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने पर जोर दिया गया.
विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं विभिन्न संधारित पंजीयों की भी समीक्षा की गई. विद्यालय स्तर पर सभी आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने तथा विद्यालय की गतिविधियों का नियमित रूप से संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में फिलो कार्यक्रम के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई. इसके तहत विद्यालयों में संचालित गतिविधियों, विद्यार्थियों को मिल रहे लाभ तथा संबंधित अभिलेखों के संधारण की स्थिति पर चर्चा की गई और कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
साथ ही राज्य स्तर से शिक्षा विभाग के लिए प्रत्येक माह जारी होने वाली KPMG रिपोर्ट में रामगढ़ जिले के प्रदर्शन को और बेहतर करने से संबंधित बिंदुओं की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को निर्धारित संकेतकों पर विशेष ध्यान देते हुए जिले के प्रदर्शन में निरंतर सुधार लाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर आधारभूत सुविधाएं, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए सभी योजनाओं एवं गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने विद्यालय स्तर पर लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा आगामी परीक्षाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों की समयबद्ध तैयारी करने पर विशेष जोर दिया.
बैठक का उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं, छात्र कल्याण योजनाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करते हुए विद्यार्थियों के हित में बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण तैयार करना रहा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

