- वेलफेयर बोर्ड की नियमित बैठक बुलाए सरकारः अमरजीत सिंह
Ramgarh News : संविधान दिवस पर ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों और सामाजिक सम्मान को लेकर संस्था के संस्थापक अमरजीत सिंह ने झारखंड सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि संविधान में सभी को समानता और सम्मान का अधिकार है, लेकिन ट्रांसजेंडर समुदाय आज भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है.
अमरजीत सिंह ने बताया कि वर्ष 2014 में सर्वोच्च न्यायालय के ऐतिहासिक NALSA फैसले के बाद ट्रांसजेंडर समुदाय के कल्याण के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए थे. झारखंड में वेलफेयर बोर्ड का गठन नहीं होने पर उन्होंने सोनल तिवारी के सहयोग से झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी. कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद बोर्ड का गठन हुआ. अमरजीत सिंह और धनबाद की सुनेहा किन्नर को बोर्ड का सदस्य बनाया गया.
उनका आरोप है कि बोर्ड गठन के बावजूद आज तक बोर्ड की एक भी बैठक नहीं हुई, जबकि प्रत्येक छह महीने में बैठक करने का निर्देश था. वहीं, राज्य के सभी 24 जिलों में ट्रांसजेंडर सेल गठित करने का निर्देश भी अब तक धरातल पर लागू नहीं हुआ है.
उन्होंने सरकार से वेलफेयर बोर्ड की नियमित बैठक आयोजित करने, सभी जिलों में ट्रांसजेंडर सेल गठित करने तथा समुदाय के लिए शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, आवास और सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की. कहा कि संविधान दिवस की सार्थकता तभी है, जब संविधान में मिले अधिकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.