Search

 
 
 

कोडरमा में जंगली हाथियों का आतंक जारी, एक ग्रामीण की मौत, इलाके में दहशत का माहौल

झारखंड के कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड में पिछले तीन दिनों से जंगली हाथियों का झुंड लगातार उत्पात मचा रहा है. पपलो पंचायत के खंडराडीह गांव में रविवार रात एक जंगली हाथी ने केदार यादव पर हमला कर दिया. हाथी ने उन्हें पटक-पटककर मार डाला.
 

Koderma :  झारखंड के कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड में पिछले तीन दिनों से जंगली हाथियों का झुंड लगातार उत्पात मचा रहा है. पपलो पंचायत के खंडराडीह गांव में रविवार रात एक जंगली हाथी ने केदार यादव पर हमला कर दिया. हाथी ने उन्हें पटक-पटककर मार डाला. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

 

शनिवार रात हाथियों का झुंड नवलशाही थाना परिसर तक पहुंच गया. हाथियों ने कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर लगी बैरिकेडिंग तोड़ दीऔर थाना परिसर में घुसने की कोशिश की. स्थिति को देखते हुए थाना के एसआई रवि प्रकाश पंडित ने मशाल जलाकर और पटाखे फोड़कर हाथियों को वहां से खदेड़ दिया. इस दौरान एक हाथी सड़क किनारे खड़े वाहन से भी टकरा गया.

 

इससे पहले शुक्रवार रात हाथियों ने पपलो, अम्बाडीह और खंडराडीह गांवों में कई घरों को नुकसान पहुंचाया. भोजन की तलाश में आए हाथियों ने वासुदेव यादव, पूनम देवी, कुंती देवी और विमला देवी के मकानों के दरवाजे और खिड़कियां तोड़ दीं.

 

हाथियों ने खेतों में धान की रोपाई के लिए तैयार बिचड़ों को भी रौंद दिया. इससे प्रयाग यादव, हीरालाल पासवान, चिंता देवी और बालेश्वर यादव समेत कई किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

 

लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल हाथियों का झुंड गांवों में तबाही मचाता है, लेकिन अब तक उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिला है.

 

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा. फिलहाल वनकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं. लोगों से रात के समय सतर्क रहने और जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की गई है. ग्रामीणों ने सरकार और वन विभाग से जल्द मुआवजा देने और हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है.

  

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही