Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रांची : राष्ट्र सेविका समिति के 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन, 225 सेविकाओं ने लिया भाग

रांची के धुर्वी स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित राष्ट्र सेविका समिति, झारखंड प्रांत का 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ.
Advertisement
Advertisement

Ranchi :  रांची के धुर्वी स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित राष्ट्र सेविका समिति, झारखंड प्रांत का 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ. आवासीय प्रशिक्षण शिविर में राज्यभर से आई 225 सेविका बहनों ने भाग लेकर न केवल शारीरिक और मानसिक दक्षता प्राप्त की, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सेवा भावना और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को भी आत्मसात किया. इस आयोजन के तहत सेविका बहनों में आत्मविश्वास, अनुशासन और समाजसेवा के प्रति समर्पण को नई दिशा दी गयी. 

 

15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में सेविकाओं ने योग, व्यायाम, बौद्धिक सत्र, गीत, सेवा कार्य, और व्यक्तित्व विकास गतिविधियों में भाग लिया. इस प्रशिक्षण के दौरान देशभक्ति, नागरिक कर्तव्य, सामाजिक समरसता, स्वदेशी उत्पादों का उपयोग और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श, अभ्यास, और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किये गये. शिविर के संचालन में 12 से 14 शिक्षिकाएं और 10 प्रांत स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहीं.  शिविर को अखिल भारतीय की वरिष्ठ कार्यकर्ता सुनीता हल्देकर, चित्रा ताई जोशी और नीता बा जी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ. साथ ही क्षेत्र संपर्क प्रमुख पदमा देवी जी का भी निरंतर सान्निध्य सेविकाओं को मिला. 

Uploaded Image


जीवन का हर क्षण भारत माता के चरणों में समर्पित करना चाहिए : चित्रा ताई जोशी

राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय सह कार्यवाहिका चित्रा ताई जोशी जी ने कहा कि भारत माता हमारी प्राणशक्ति हैं. हमें अपने जीवन का प्रत्येक क्षण, प्रत्येक कर्म भारत माता के चरणों में समर्पित करना चाहिए. उन्होंने आगे महारानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती का स्मरण करते हुए कहा कि वे सेवा, धर्मनिष्ठा, और न्यायप्रिय शासन का अनुपम उदाहरण थीं.

उन्होंने काशी विश्वनाथ, प्रयागराज, रामेश्वरम, सोमनाथ, और मथुरा जैसे तीर्थस्थलों का जीर्णोद्धार कर भारत की सांस्कृतिक आत्मा को पुनर्जीवित किया.  चित्रा ताई ने रानी दुर्गावती के बलिदान को भी स्मरण किया और कहा कि उनका जीवन स्त्री शक्ति, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम का अमर प्रतीक है. उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी. आज की पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के पथ पर अग्रसर होना चाहिए. 

Uploaded Image

 

शिविर राष्ट्र को कर्तव्यनिष्ठ, चरित्रवान और राष्ट्रभक्त नागरिक प्रदान करते : निर्मल कौर 


समारोह की बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित झारखंड की सेवानिवृत्त डीजीपी निर्मल कौर ने सेविकाओं के अनुशासन, ऊर्जस्विता और सेवाभाव की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर राष्ट्र को कर्तव्यनिष्ठ, चरित्रवान और राष्ट्रभक्त नागरिक प्रदान करते हैं. 


समारोह में 2000 से अधिक लोग हुए शामिल


समापन समारोह में शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, महिला संगठनों, आम नागरिकों सहित 2000 से अधिक लोग शामिल हुए. शिविर में प्रमुख भूमिका निभाने वालों में उषा सिंह (प्रांत संचालिका), शारदा गुप्ता (प्रांत कार्यवाहिका),  डॉ. त्रिपुला दास (प्रांत सह कार्यवाहिका), निर्मला सिंह (प्रांत संपर्क प्रमुख), पूनम सिंह, डॉ. जिज्ञासा ओझा, शालिनी सचदेव, रीता सिंह, सुमन सिन्हा, गणिता झा, कुसुमलता सिंह, जय श्री कुजूर, सुधा प्रजापति, अपर्णा सिंह शामिल रहीं. 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही