Ranchi: झारखंड में 15 नवंबर को स्थापना दिवस नहीं मनाए जाने को लेकर आदिवासी संगठनों में नाराजगी देखने को मिली. विरोध जताने के लिए मशाल जुलूस निकालने की तैयारी कर रहे थे. इस दौरान आदिवासी संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने कार्रवाई की. जयपाल सिंह स्टेडियम के पास मशाल जुलूस शुरू होने से पहले ही पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया.
इसमें आदिवासी छात्र संघ अध्य़क्ष विवेक तिर्की, आदिवासी बचाओ मोर्चा के केंद्रीय महिला अध्यक्ष संगीता कच्छप, राकेश बड़ाईक, मदन मुंडा, उमेश उरांव, बुधु उरांव, आकाश बेक समेत अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया. सभी को खेलगांव थाना में रखा गया है.
आदिवासी संगठनों की ओर से स्थापना दिवस नहीं मनाए जाने के विरोध में मशाल जुलूस निकालने की तैयारी की गई थी. इसके लिए नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर विरोध दर्ज कराने पहुंच रहे थे. हालांकि पुलिस ने मशाल जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी. इसके बाद मौके पर पहुंचे संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने डिटेन कर लिया.
जयपाल सिंह स्टेडियम के आसपास पुलिस की मौजूदगी के बीच कार्रवाई की गई. मशाल जुलूस निकालने से पहले ही नेताओं और कार्यकर्ताओं की धरपकड़ शुरू हो गई. पुलिस की इस कार्रवाई से आदिवासी संगठनों में नाराजगी बढ़ गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.