- कल्याण विभाग की ओर से चयनित छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण
Ranchi : मांडर स्थित बीआरसी परिसर में आयोजित ‘भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी प्रतिभा सम्मान समारोह–2026’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 231 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. समारोह में झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
सम्मानित विद्यार्थियों में मैट्रिक के 118, इंटर विज्ञान के 22, इंटर कॉमर्स के 29 और इंटर कला के 62 विद्यार्थी शामिल रहे. कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया.

छात्र हुए सम्मानित
इस अवसर पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से मांडर विधानसभा क्षेत्र में प्रतिभा सम्मान की यह परंपरा लगातार जारी है. ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों मंर आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आगे बढ़ने की प्रेरणा पैदा करते हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन निर्माण का सबसे मजबूत आधार है. विद्यार्थियों को समय पर लक्ष्य तय कर अनुशासन, समर्पण और निरंतर सीखने की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए.
उन्होंने वर्तमान शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताएं और पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं का मनोबल प्रभावित करती हैं. वहीं, नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद कई महाविद्यालयों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंद होने से ग्रामीण विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इसके बावजूद उन्होंने छात्रों से सकारात्मक सोच, धैर्य और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.
पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड राज्य गठन के बाद मांडर विधानसभा क्षेत्र में प्रतिभा सम्मान की शुरुआत हुई, जो आज 20 वर्षों की सफल यात्रा पूरी कर चुकी है. इस मंच से सम्मानित कई विद्यार्थी आज देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों और पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
उन्होंने बताया कि शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 12 जुलाई को विधानसभा स्तरीय ग्रामीण प्रतिभा प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन भी किया जाएगा. समारोह के दौरान कल्याण विभाग की ओर से चयनित छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण भी मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के हाथों किया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment