Ranchi: बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी), मेसरा ने अपने परिसर में स्वच्छ ईंधन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. संस्थान ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क के विकास के लिए गेल (इंडिया) लिमिटेड के साथ समझौता किया है. यह पहल भारत सरकार के गैस-आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के दृष्टिकोण के अनुरूप है.
इसे भी पढ़ें:
बीआईटी मेसरा के सम्मेलन कक्ष में गुरुवार को समझौते पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए गए. इस अवसर पर संस्थान के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना, कुलसचिव डॉ. राजेश जैन, विभिन्न डीन सहित संस्थान प्रशासन के सदस्य मौजूद रहे. गेल (इंडिया) लिमिटेड की ओर से मुख्य महाप्रबंधक पंचानन हलदर, महाप्रबंधक निखिल कुमार तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
समझौते के तहत गेल (इंडिया) लिमिटेड बीआईटी मेसरा परिसर में PNG पाइपलाइन नेटवर्क विकसित करेगी. इसके माध्यम से आवासीय क्वार्टरों, हॉस्टलों, मैस, कैंटीन सहित घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को प्राकृतिक गैस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. गेल द्वारा पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा, जिससे परिसर में निर्बाध गैस कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने का लक्ष्य है.
PNG नेटवर्क की स्थापना से परिसर में पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करने के साथ ऊर्जा दक्षता और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा मिलेगा.
बीआईटी मेसरा के कुलसचिव डॉ. राजेश जैन ने कहा कि सात दशकों से अधिक समय से संस्थान अपने शैक्षणिक और आवासीय बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत करता रहा है. गेल के साथ यह साझेदारी संस्थान की स्वच्छ ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

