Ranchi : पंडरा ओपी क्षेत्र के नायक चौक में पारिवारिक विवाद में देवर ने अपनी भाभी के सिर पर टांगी से हमला कर दिया. इस जानलेवा हमले में महिला हीरा मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गई है. फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. हीरा मुंडा के सिर पर आठ टांके पड़े हैं.
बीच-बचाव करने के दौरान किया वार
घटना को लेकर घायल महिला हीरा मुंडा की बेटी आरती मुंडा ने थाने में अपने चाचा दिनेश मुंडा और चाची संगीता मुंडा के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. आरती के अनुसार, बुधवार शाम उसकी मां हीरा मुंडा अपने बेटों अनिल और सुनील के साथ मिलकर घर के पास रखी ईंटों को दूसरी तरफ रख रही थीं.
इसी दौरान चाचा दिनेश मुंडा और चाची संगीता मुंडा वहां पहुंचे और उन पर टांगी से हमला करने का प्रयास किया. जब मां हीरा मुंडा ने बीच-बचाव करने और उन्हें समझाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हीं के सिर पर टांगी से वार कर दिया. हमले में हीरा मुंडा के सिर पर गहरी चोट आई है. आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.